पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार को दी चेतावनी

0

नई दिल्ली: अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम 3 जून 2025,मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग को इसका नया चैंपियन देने के लिए तैयार है। इस भव्य स्टेडियम में पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच सीजन का खिताबी मुकाबला होने जा रहा है। दोनों टीमें इस महामुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन इस बीच पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार को एक ऐसी बात कह दी, जिसने सबका ध्यान खींच लिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अय्यर ने दावा किया कि इस बार आईपीएल की ट्रॉफी आरसीबी नहीं, बल्कि उनकी टीम पंजाब किंग्स अपने नाम करेगी। इस बयान ने पाटीदार को हैरान कर दिया। अय्यर ने इतिहास को दोहराने की बात कहकर माहौल में गर्म कर दिया।

आत्मविश्वास भरा अंदाज दिखाया

पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने फाइनल से पहले मीडिया से बातचीत में आत्मविश्वास भरा अंदाज दिखाया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “मुझे इस समय वही पुरानी मुश्ताक अली ट्रॉफी की फीलिंग आ रही है। जब मैं रजत पाटीदार से मिला, तो मैंने उनसे कहा कि हम एक बार फिर फाइनल में आमने-सामने हैं, जैसे पहले थे। यह वही कहानी दोहराने जैसा है।” अय्यर का इशारा पिछले साल दिसंबर में हुए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल की ओर था, जहां उनकी कप्तानी वाली मुंबई ने रजत पाटीदार की मध्य प्रदेश को 5 विकेट से हराकर खिताब जीता था। अय्यर अब उसी जीत को आईपीएल के इस भव्य मंच पर दोहराना चाहते हैं।

ज्यादातर अपनाया सतर्क रवैया

दोनों कप्तानों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ज्यादातर सतर्क रवैया अपनाया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पाटीदार ने कहा कि उनकी टीम इस फाइनल के बड़े मंच को ज्यादा तवज्जो नहीं दे रही। वे प्रशंसकों का सम्मान करते हैं और उनके प्रति आभारी हैं, लेकिन वे अपेक्षाओं के बोझ को अपने ऊपर हावी नहीं होने दे रहे। दोनों कप्तानों ने रणनीतिक चतुराई दिखाते हुए अपनी-अपनी टीमों के खिलाड़ियों की फिटनेस पर कोई जानकारी साझा नहीं की, ताकि फाइनल के लिए उनकी प्लेइंग XI गुप्त रहे। हालांकि, श्रेयस अय्यर ने थोड़ा जोश दिखाया। जब उनसे पूछा गया कि क्या विराट कोहली के साथ परिचितता उनके लिए आरामदायक है या तीव्रता लाती है, तो उन्होंने जवाब दिया, “मैदान पर कदम रखते ही यह पूरी तरह से प्रतिद्वंद्विता का खेल है। इसमें आराम जैसी कोई बात नहीं होती। वह एक जंग का मैदान है, और आप जीतने के लिए लड़ते हैं। मैं अपनी टीम की जीत के लिए सब कुछ झोंक दूंगा।”

मैदान पर समझना होगा जाकर पिच का मिजाज

क्वालिफायर 1 में कोहली और पाटीदार की आरसीबी ने तेज पिच पर पंजाब किंग्स को करारी शिकस्त दी थी। उस मैच में जोश हेजलवुड और सूयश शर्मा ने पंजाब को तहस-नहस कर दिया था। जब अय्यर से इन दोनों गेंदबाजों के बारे में पूछा गया, तो मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “अब हम एक अलग पिच पर खेल रहे हैं। निश्चित रूप से उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाजी की है, लेकिन हमें जल्दी से हालात के अनुकूल ढलना होगा और चुनौती के लिए तैयार रहना होगा। हमें सीधे तौर पर सामना करना होगा।” मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने आगे कहा, “हम यह नहीं कह सकते कि हम ऐसा ही खेलेंगे, क्योंकि स्थिति कुछ भी हो सकती है। हमें उसी के हिसाब से खेलना होगा। हम कोई निश्चित योजना बनाकर नहीं जा सकते और अगर चीजें बदलती हैं तो हमें लचीला होना होगा। हमारे खिलाड़ी युवा और निडर हैं, लेकिन अब उनके पास अनुभव भी है। हमें मैदान पर जाकर पिच का मिजाज समझना होगा।”

वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी था और यह आईपीएल

लगभग साढ़े पांच महीने पहले, यही दोनों कप्तान सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में आमने-सामने थे। तब अय्यर की मुंबई ने जीत हासिल की थी, भले ही पाटीदार ने मध्य प्रदेश के लिए 40 गेंदों में 81 रन की शानदार पारी खेली थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पाटीदार ने कहा, “मैंने श्रेयस से कहा था कि यह वैसा ही लगता है। कप्तान वही हैं, मंच भी फाइनल है, लेकिन अंतर बस इतना है कि वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी था और यह आईपीएल है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here