नई दिल्ली : दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार, 6 सितंबर से शुरू होगा, जिसमें ईस्ट जोन का सामना साउथ जोन से होगा। खिताबी मुकाबले से पहले वैभव सूर्यवंशी, इशान किशन और तिलक वर्मा के खेलने को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। वैभव और इशान ईस्ट जोन का हिस्सा हैं, जबकि तिलक वर्मा साउथ जोन की कप्तानी कर रहे हैं। अब इन तीनों खिलाड़ियों को दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में उतारा जाएगा या नहीं, इसका फैसला टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर करेंगे।
क्या फाइनल खेलेंगे वैभव, इशान और तिलक?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भारत के हेड कोच गौतम गंभीर यह तय करेंगे कि ईस्ट जोन के कप्तान इशान किशन, उपकप्तान वैभव सूर्यवंशी और साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में खेलेंगे या नहीं। दरअसल, घरेलू टूर्नामेंट के समापन के महज पांच दिन बाद अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज शुरू होनी है। ऐसे में खिलाड़ियों के वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए उनके फाइनल में खेलने पर फैसला लिया जाएगा। 13 साल बाद दलीप ट्रॉफी जीतने की ईस्ट जोन की उम्मीदों के लिए इशान किशन और वैभव सूर्यवंशी अहम भूमिका निभा सकते हैं। वहीं, साउथ जोन के पास देवदत्त पडिक्कल, केएल राहुल और मोहम्मद सिराज जैसे मजबूत विकल्प मौजूद हैं, ऐसे में तिलक वर्मा के फाइनल से बाहर रहने की स्थिति में भी टीम के पास पर्याप्त अनुभव रहेगा।
अगर इशान और वैभव फाइनल नहीं खेल पाते हैं तो ईस्ट जोन को सुभ्रांशु सेनापति को टीम में शामिल करना होगा और साथ ही यह उम्मीद करनी होगी कि शाहबाज अहमद फिट हों, क्योंकि वह सेंट्रल जोन के खिलाफ सेमीफाइनल नहीं खेल पाए थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम 9 या 10 सितंबर को दिल्ली में इकट्ठा होगी। अगर हेड कोच चाहते हैं कि वैभव, इशान, तिलक टी20आई टीम के शेड्यूल के हिसाब से रिपोर्ट करें तो वो तीनों नहीं खेल पाएंगे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अगर हेड कोच गौतम गंभीर चाहते हैं कि इशान किशन, वैभव सूर्यवंशी और तिलक वर्मा दलीप ट्रॉफी का फाइनल खेलें, तो तीनों 10 सितंबर की देर शाम तक दिल्ली पहुंचने की कोशिश कर सकते हैं। हालांकि, यह उनके लिए आसान नहीं होगा, क्योंकि दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल चेन्नई में खेला जाएगा और मुकाबला खत्म होने के बाद उनके पास नई दिल्ली के लिए उड़ान भरने के लिए बेहद कम समय होगा। इसके अलावा, फाइनल के दौरान अगर तीनों में से किसी भी खिलाड़ी को चोट लग जाती है तो यह टीम इंडिया के लिए बड़ी चिंता का कारण बन सकता है, खासकर इसलिए क्योंकि इसके कुछ ही दिनों बाद अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज शुरू होनी है।


