-
चीन, कोरिया की टीमें भोपाल पहुंची, एयरपोर्ट से लेकर होटल तक हुआ भव्य स्वागत।
-
ग्वालियर में अभ्यास कर रही मलेशिया की टीम कल 17 नवम्बर को बस से भोपाल पहुंचेगी जबकि 18 नवंबर को थाईलैंड की टीम भोपाल आयेगी।
भोपाल (इंद्रजीत मौर्य)। 19 से 28 नवंबर 2026 तक भोपाल में आयोजित होने जा रही एशियन वूमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 को लेकर राजधानी पूरी तरह हॉकीमय हो गई है। इसी बीच भोपाल पहुंची भारतीय महिला हॉकी टीम ने शाम को दूधिया रोशनी में कड़ा अभ्यास करते हुए जमकर पसीना बहाया और जापान को अभ्यास मैच में 4-1 गोल से हराकर अपनी जीत की खिताबी बुनियाद रखी। अभ्यास मैच में भारत के लिए पूजा साहू ने पेनल्टी कॉर्नर से दो गोल किए जबकि नवनीत कौर और बीयूटी डुंगडुंग ने एक-एक फील्ड गोल करके भारत को शानदार जीत दिलाई।

मुकाबले के लिए आज चीन और कोरिया की टीमें भोपाल पहुंची जहां दोनों टीमों का एयरपोर्ट से लेकर होटल तक भव्य स्वागत सत्कार खिलाड़ियों द्वारा किया गया। दोनों ही टीमे अपने स्वागत सत्कार से बहुत ही प्रसन्न नजर आई। टूर्नामेंट के लिए ग्वालियर में मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी के साथ अभ्यास कर रही मलेशिया की टीम कल 17 नवंबर को ग्वालियर से बस द्वारा भोपाल पहुंचेगी जबकि थाईलैंड की टीम 18 नवंबर को भोपाल आएगी।
टूर्नामेंट के दौरान कोई भी कमी ना रह जाए इस बात को नजर रखते हुए खेल मंत्री विश्वास सारंग ने आज फिर नाथू बरखेड़ा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम का बहुत बारीकी से अपने अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया और आयोजन में जो छोटी-मोटी कमियां रह गई हैं उसे पूरा करने का आदेश दिया। इस दौरान वे सुबह 11:30 बजे से शाम 4:00 तक मैदान पर डटे रहे ताकि मैदान पर कोई भी कमी न रह जाए और दुनिया को एक अच्छा हॉकी आयोजन भोपाल में देखने को मिल सके। उन्होंने नेशनल स्पोर्टस टाइम्स से विशेष चर्चा करते हुए बताया कि मैदान पर तैयारियां अंतिम चरणों में है टीमें भोपाल पहुंचकर कड़े अभ्यास में जुट गई हैं।

शहर में इस टूर्नामेंट को लेकर युवा और सीनियर हॉकी खिलाड़ी मैदान में मुकाबले देखने को तैयार हैं। इसी बीच भारतीय हॉकी टीम ने भोपाल पहुंचकर मैदान पर कड़ा अभ्यास किया और जमकर पसीना बहाया। सभी को भोपाल बेहद पसंद आ रहा है और नाथू बरखेड़ा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में लगी नीली टर्फ तो सभी के दिलों को छू रही है इसलिए खिलाड़ियों को अभ्यास करने में ज्यादा मजा आ रहा है। इस समय जापान, भारत , चीन, कोरिया की टीमें भोपाल पहुंच चुकी हैं।
अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी के इस प्रतिष्ठित आयोजन के स्वागत में रविवार को सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग के नेतृत्व में भव्य हॉकी वॉकथॉन का आयोजन किया गया था। होटल लेकव्यू रंजीत से वन विहार तक निकाली गई इस वॉकथॉन में ओलंपियन एवं अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर सहित पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी शामिल हुए। भोपाल और हॉकी का पुराना और गौरवशाली संबंध रहा है। भोपाल ने देश को कई नामी गिरामी हॉकी खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। हॉकी भोपाल की खेल संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रही है। एशियन वूमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

एशिया की छह टॉप टीमें ट्रॉफी के लिए जलवा दिखाएंगी
एशियन वूमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आयोजन 19 से 28 नवंबर तक बरखेड़ा नाथू स्थित अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता में भारत सहित एशिया की 6 शीर्ष टीमें जापान, चीन, कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड हिस्सा लेंगी। लगभग 150 अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ी अपने खेल कौशल, तकनीक और दमखम का प्रदर्शन करेंगी। भोपाल में होने जा रही महिलाओं की सबसे बड़ी हॉकी प्रतियोगिता के माध्यम से भोपाल को अंतरराष्ट्रीय हॉकी के बड़े आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है। प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेलों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। खेल प्रेमियों के लिए विशेष बात यह है कि सभी मुकाबलों में दर्शकों का प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिक, युवा और विद्यार्थी अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी मुकाबलों का प्रत्यक्ष आनंद ले सकें। इसके लिए बस उन्हें ऑनलाइन अपना रजिस्ट्रेशन करा कर पास ग्रहण करना होगा।
आपको बताते चलें कि भोपाल बरखेड़ा नाथू स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के हॉकी मैदान को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) का प्रतिष्ठित कैटेगरी-1 प्रमाणन प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के साथ हैदराबाद के बाद भोपाल देश का दूसरा शहर बना है, जिसे यह गौरव हासिल हुआ है। एशियन वूमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स और हॉटस्टार के माध्यम से 166 देशों में किया जाएगा। इससे भोपाल की मेजबानी और मध्यप्रदेश की खेल अधोसंरचना को वैश्विक पहचान मिलेगी। दुनिया भर के हॉकी प्रेमी इस प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबलों को देख सके।


