एथलेटिक्स सीरीज फाइनल: यूपी की तान्या चौधरी ने रचा इतिहास, तीन साल का इंतजार खत्म

0

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश की 22 वर्षीय तान्या चौधरी ने इंडियन एथलेटिक्स सीरीज फाइनल में महिलाओं के हैमर थ्रो इवेंट में राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़कर शानदार उपलब्धि हासिल की। तान्या ने हैमर को 68.35 मीटर की दूरी तक फेंककर नया रिकॉर्ड कायम किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड उनकी ही राज्य की अनुष्का यादव के नाम था, जिन्होंने जून में आयोजित इंटर-स्टेट नेशनल चैंपियनशिप में 67.02 मीटर का थ्रो किया था। तान्या ने अपने शानदार प्रदर्शन के साथ अनुष्का के रिकॉर्ड को 1.33 मीटर बेहतर करते हुए नया राष्ट्रीय मानक स्थापित किया।

इंडियन एथलेटिक्स सीरीज फाइनल में अनुष्का यादव 66.34 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। पुरुषों और महिलाओं के हैमर थ्रो इवेंट मुख्य मोंडो ट्रैक से दूर दूसरे फील्ड में आयोजित किये गए थे। दोनों ही इवेंट में नेशनल रिकॉर्ड टूटे। पुरुषों के इवेंट में निर्भय चौधरी ने 71.02 मीटर के थ्रो के साथ नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तान्या चौधरी ने नेशनल रिकॉर्ड तोड़ने के बाद कहा, ‘‘नेशनल रिकॉर्ड तोड़कर अच्छा लग रहा है। जब मैं और अनुष्का साथ में मुकाबला करते हैं तो यह अच्छा होता है, क्योंकि इससे हम दोनों को और बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है।’’

तान्या चौधरी और अनुष्का यादव दोनों ही एशियन गेम्स की भारतीय टीम का हिस्सा हैं। दोनों उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित श्री कृष्ण इंटर कॉलेज ग्राउंड में नियमित रूप से प्रशिक्षण करती हैं। यह मैदान लंबे समय से कई बेहतरीन हैमर थ्रोअर तैयार करने के लिए जाना जाता है। इनमें पूर्व राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक रचना चौधरी भी शामिल हैं। तान्या और अनुष्का ने भी अपनी लगातार शानदार प्रदर्शन से इस परंपरा को आगे बढ़ाया है और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में लगातार पोडियम पर जगह बनाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं।

अनुष्का की सफलता से तान्या को मिली नई प्रेरणा

अनुष्का यादव ने जब भुवनेश्वर में राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था तब तान्या को आगे बढ़ने के लिए एक नया लक्ष्य मिल गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तान्या चौधरी ने बताया, ‘‘मैं तीन साल से पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ने की कोशिश कर रही थी, लेकिन जब अनुष्का यादव ने ओडिशा में राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा तब मैंने खुद से कहा कि अब मेरा एक नया लक्ष्य है।’’

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तान्या चौधरी ने बताया, ‘‘मुझे एक साथ तीन चोटें लगी थीं। घुटने में बेकर्स सिस्ट, फीमर हड्डी में स्ट्रेस इंजरी और ACL में भी समस्या थी।‘’ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तान्या ने बताया, ‘‘जनवरी में मुझे पहली बार घुटने में समस्या महसूस हुई, लेकिन मैंने उस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। जब चोट और बढ़ गई तो हमने अप्रैल में MRI कराया। उसके बाद मुझे कुछ सप्ताह आराम करना पड़ा।’’

अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं तान्या चौधरी

तान्या चौधरी अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुई हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तान्या चौधरी ने कहा, ‘‘हालांकि मैं फिर से कॉम्पिटिशन में हिस्सा ले रही हूं, लेकिन मुझे अब भी अपनी चोटों का ध्यान रखना पड़ता है।’’ अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड के बारे में बात करते हुए तान्या कहती हैं, ‘‘मैं नेशनल रिकॉर्ड के बारे में सोचती रहती थी, लेकिन इतने अहम मोड़ पर इसे हासिल करना बहुत जरूरी है। मेरा पर्सनल बेस्ट 63.91 मीटर था, लेकिन मैंने ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी में 65 मीटर (अनऑफिशियली) का मार्क पार किया था।’’

एशियन गेम्स में दम दिखाने को तैयार तान्या चौधरी

इससे पहले तान्या चौधरी एशियन गेम्स के क्वालिफिकेशन मार्क से महज दो सेंटीमीटर पीछे रह गई थीं, लेकिन बाद में एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने उन्हें भारतीय टीम में शामिल कर लिया। टीम में अपना नाम शामिल होने से तान्या का आत्मविश्वास और बढ़ गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “एशियन गेम्स की लिस्ट में मेरा नाम शामिल होने के बाद मेरा हौसला और बढ़ गया।” एशियन गेम्स 2026 में तान्या को चीन की मजबूत हैमर थ्रोअर के साथ-साथ अपनी ही देश की अनुष्का यादव से भी कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है। हालांकि, तान्या ने अपना लक्ष्य साफ कर दिया है। उन्होंने कहा, “एशियन गेम्स में मेरा लक्ष्य गोल्ड मेडल जीतना होगा।”

जब तान्या चौधरी से पूछा गया कि क्या वह 70 मीटर के निशान तक पहुंचने का लक्ष्य बना रही हैं, तो मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “यह लक्ष्य ज्यादा दूर नहीं है। मैं पहले 65 मीटर का निशान पार करने की कोशिश कर रही थी, लेकिन अब मैं इसे हासिल कर चुकी हूं और इसके साथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बना लिया है। इसलिए मुझे लगता है कि 70 मीटर मेरा अगला सही लक्ष्य होना चाहिए।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here