भोपाल: मध्यप्रदेश में पिकलबाल खेल को बढ़ावा देने और प्रतियोगिताओं को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए मध्य प्रदेश पिकलबाल एसोसिएशन (एमपीपीए) ने दो महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। इंडियन पिकलबाल एसोसिएशन (आइपीए) से संबद्ध एमपीपीए ने भोपाल के आदित्य सुर को टूर्नामेंट डायरेक्टर और धार के जयंत सोलंकी को डायरेक्टर आफ कोचिंग एवं चीफ कोच नियुक्त किया है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल ने दोनों नियुक्तियों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से प्रदेश में पिकलबॉल की प्रतियोगिताओं के आयोजन और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण को नई दिशा मिलेगी। साथ ही प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिलेंगे। आदित्य सुर प्रतियोगिताओं के आयोजन और संचालन से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालेंगे, जबकि जयंत सोलंकी प्रदेश में कोचिंग गतिविधियों और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण की जिम्मेदारी निभाएंगे। एसोसिएशन की प्रमुख सदस्य दिशा मित्तल और मानव पांडे ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। एसोसिएशन का लक्ष्य प्रदेश में पिकलबाल को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के साथ अधिक से अधिक खिलाड़ियों को इस खेल से जोड़ना है।


