नई दिल्ली: दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 (DPL 2026) के 37वें मुकाबले में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने वेस्ट दिल्ली लायंस को 21 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने 18 अंकों के साथ अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। उसके अलावा पुरानी दिल्ली 6, साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स और आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने भी प्लेऑफ में जगह पक्की कर ली है। इन तीनों टीमों के खाते में 11-11 अंक हैं। इसके साथ ही DPL 2026 के प्लेऑफ की तस्वीर लगभग साफ हो गई है।
वेस्ट दिल्ली लायंस, नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स, ईस्ट दिल्ली राइडर्स और न्यू दिल्ली टाइगर्स का सफर समाप्त हो गया। वेस्ट दिल्ली लायंस के 9, नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के 7, ईस्ट दिल्ली राइडर्स के 5 और न्यू दिल्ली टाइगर्स के 2 अंक हैं। बल्लेबाजी में सार्थक रंजन और यश ढुल का जलवा कायम है। गेंदबाजी में अंशुमान हुड्डा का दबदबा है।
DPL 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज
दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 के टॉप-5 बल्लेबाजों की बात करे तो सार्थक रंजन ने 8 पारियों में 473 बनाए हैं। वह शीर्ष पर कायम हैं। यश ढुल ने 9 पारियों में 410 रन बनाए हैं। वह दूसरे नंबर पर हैं। यजस शर्मा ने 8 पारियों में 339, आर्यन गौर ने 7 पारियों में 305 और यश भाटिया ने 8 पारियों में 304 रन बनाए हैं।