नई दिल्ली : इंग्लैंड के विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर ने श्रीलंका के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। हालांकि इंग्लैंड को इस मैच में 16 रन से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन बटलर ने अपनी पारी के दौरान 5 छक्के लगाकर खास उपलब्धि हासिल की। इन छक्कों की मदद से उन्होंने वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में सौरव गांगुली को पीछे छोड़ दिया और दुनिया के टॉप-10 बल्लेबाजों की सूची में अपनी जगह बना ली।
बटलर ने गांगुली का रिकॉर्ड किया ध्वस्त
जोस बटलर ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में 49 गेंदों पर 5 छक्के और 5 चौकों की मदद से 69 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान बटलर का स्ट्राइक रेट 140.82 का रहा। बटलर ने अपनी इस पारी में लगाए 5 छक्कों की मदद से वनडे प्रारूप में छक्के लगाने के मामले में पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली से आगे निकल गए। गांगुली ने वनडे में खेले 311 मैचों में 190 छक्के लगाए थे जबकि जोस बटलर ने अब तक खेले 204 मैचों में 193 छक्के लगाए हैं।
वनडे प्रारूप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-10 बल्लेबाजों की लिस्ट में रोहित शर्मा पहले नंबर पर चल रहे हैं जिन्होंने 288 मैचों में 369 छक्के लगाए हैं जबकि दूसरे नंबर पर मौजूद शाहद अफरीदी ने 398 मैचों में 351 छक्के लगाए थे। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर क्रिस गेल हैं जिन्होंने 301 वनडे मैचों में कुल 331 छक्के लगाए थे तो वहीं चौथे नंबर पर मौजूद सनत जयसूर्या ने 445 मैचों में 270 छक्के लगाए थे। इस लिस्ट में 5वें स्थान पर एमएस धोनी हैं जिन्होंने 350 मैचों में 229 छक्के लगाए थे।
वनडे प्रारूप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-10 बल्लेबाज
| बल्लेबाज | साल | मैच | पारी | नाबाद | रन | बेस्ट स्कोर | औसत | गेंद | स्ट्राइक रेट | 100 | 50 | 0 | 4 | 6 |
| रोहित शर्मा | 2007-2026 | 288 | 280 | 37 | 11895 | 264 | 48.95 | 12784 | 93.04 | 34 | 62 | 16 | 1126 | 369 |
| शाहिद अफरीदी | 1996-2015 | 398 | 369 | 27 | 8064 | 124 | 23.57 | 6892 | 117 | 6 | 39 | 30 | 730 | 351 |
| क्रिस गेल | 1999-2019 | 301 | 294 | 17 | 10480 | 215 | 37.83 | 12019 | 87.19 | 25 | 54 | 25 | 1128 | 331 |
| सनत जयसूर्या | 1989-2011 | 445 | 433 | 18 | 13430 | 189 | 32.36 | 14725 | 91.2 | 28 | 68 | 34 | 1500 | 270 |
| एमएस धोनी | 2004-2019 | 350 | 297 | 84 | 10773 | 183* | 50.57 | 12303 | 87.56 | 10 | 73 | 10 | 826 | 229 |
| इयोन मोर्गन | 2006-2022 | 248 | 230 | 34 | 7701 | 148 | 39.29 | 8447 | 91.16 | 14 | 47 | 18 | 654 | 220 |
| एबी डिविलियर्स | 2005-2018 | 228 | 218 | 39 | 9577 | 176 | 53.5 | 9473 | 101.09 | 25 | 53 | 7 | 840 | 204 |
| ब्रैंडन मैकुलम | 2002-2016 | 260 | 228 | 28 | 6083 | 166 | 30.41 | 6312 | 96.37 | 5 | 32 | 20 | 577 | 200 |
| सचिन तेंदुलकर | 1989-2012 | 463 | 452 | 41 | 18426 | 200* | 44.83 | 21368 | 86.23 | 49 | 96 | 20 | 2016 | 195 |
| जोस बटलर | 2012-2026 | 204 | 176 | 31 | 5678 | 162* | 39.15 | 4914 | 115.54 | 11 | 30 | 15 | 456 | 193 |


