इंग्लैंड के अर्धशतक पर भारी पड़ा कुसल मेंडिस का शतक, श्रीलंका ने दर्ज की जीत

0

नई दिल्ली : श्रीलंका ने तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में शानदार वापसी करते हुए मेजबान इंग्लैंड को 16 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ श्रीलंका ने सीरीज 1-1 से बराबर कर ली। श्रीलंका की जीत में कुसल मेंडिस की शानदार शतकीय पारी का अहम योगदान रहा। वहीं, इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रुक इस मुकाबले में बल्ले से प्रभाव नहीं छोड़ सके। हालांकि, टॉम बेंटन, जोस बटलर, बेन डकेट और विल जैक्स ने अर्धशतकीय पारियां खेलकर टीम को जीत दिलाने की कोशिश की, लेकिन उनकी पारियां इंग्लैंड को लक्ष्य तक नहीं पहुंचा सकीं।

दूसरे वनडे मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीता था और फिर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। इसके बाद श्रीलंका ने पहली पारी में 50 ओवर में 6 विकेट पर 321 रन बनाए और इंग्लैंड को जीत के लिए 322 रन का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 305 रन बनाए और उसे हार मिली। कुसल मेंडिस को इस मैच में खेली शतकीय पारी की वजह से प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

कुसल मेंडिस ने जड़ा शानदार शतक

श्रीलंका के लिए कुसल मेंडिस ने शतकीय पारी खेली और उन्होंने 100 गेंदों पर 3 छक्के और 14 चौकों की मदद से 121 रन की पारी खेली जबकि कामिंदु मेंडिस ने 3 छक्के और 4 चौकों की मदद से 54 रन की पारी खेली। पथुम निसांका ने 25 रन की पारी खेली तो वहीं पवन रत्नायके ने 39 गेंदों पर 48 रन की पारी खेली। कुसल मेंडिस ने दूसरे विकेट के लिए इस मैच में कामिंदु मेंडिस के साथ मिलकर 120 गेंदों पर 137 रन की शतकीय साझेदारी भी की। पहली पारी में इंग्लैंड की तरफ से गस एटकिंगस और रेहान अहमद ने 2-2 विकेट लिए।

हैरी ब्रुक नहीं चले, 4 बल्लेबाजों ने जड़ी फिफ्टी

श्रीलंका के खिलाफ इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रुक का बल्ला नहीं चला और वह सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, इंग्लैंड के चार बल्लेबाजों ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। सलामी बल्लेबाज टॉम बेंटन ने 73 रन और बेन डकेट ने 67 रन बनाए। इसके अलावा जोस बटलर ने 69 रन, जबकि विल जैक्स ने 52 रन की पारी खेली। चारों बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़कर टीम को जीत दिलाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उनकी पारियां इंग्लैंड को लक्ष्य तक नहीं पहुंचा सकीं। श्रीलंका की ओर से दुनिथ वेल्लालगे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 3 विकेट अपने नाम किए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here