विश्व बैडमिंटन महासंग्राम के लिए तैयार भारत, सिंधू-सात्विक-चिराग को मिली वरीयता

0

नई दिल्ली : दो बार की ओलंपिक पदक विजेता भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू को 17 से 23 अगस्त तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाली बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में महिला एकल वर्ग में नौवीं वरीयता दी गई है। वहीं, पुरुष युगल में भारत की स्टार जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को पांचवीं वरीयता मिली है। भारतीय प्रशंसकों की नजरें इन दोनों दावेदारों पर होंगी, क्योंकि घरेलू माहौल में दोनों से शानदार प्रदर्शन और पदक की उम्मीद की जा रही है।

सिंधू मौजूदा जापान ओपन चैंपियन हैं, जबकि सात्विक-चिराग 2022 एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता हैं। भारत के पास इस बार चैंपियनशिप की सभी पांचों स्पर्धाओं में दो-दो प्रविष्टियां हैं। इनमें से चार स्पर्धाओं में भारत का कम से कम एक खिलाड़ी या जोड़ी वरीयता प्राप्त है। सिंधू और सात्विक-चिराग के अलावा पुरुष सिंगल्स में पूर्व विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता लक्ष्य सेन को 14वीं वरीयता मिली है। मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो की जोड़ी को 15वीं वरीयता दी गई है। खिलाड़ियों ने 28 अप्रैल 2026 की विश्व रैंकिंग के आधार पर इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया था, जबकि वरीयता 28 जुलाई 2026 की विश्व रैंकिंग के अनुसार तय की गई है। पुरुष सिंगल्स के मौजूदा विश्व चैंपियन चीन के शी युकी को शीर्ष वरीयता मिली है, जबकि महिला सिंगल्स में दक्षिण कोरिया की स्टार खिलाड़ी आन से-यंग शीर्ष वरीय हैं।

महिला एकल वर्ग में मौजूदा विश्व चैंपियन जापान की अकाने यामागुची को दूसरी वरीयता दी गई है। वहीं चीन की वांग झी यी और चेन युफेई को क्रमशः तीसरी और चौथी वरीयता मिली है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का ड्रॉ बुधवार को नई दिल्ली में निकाला जाएगा। हालांकि, ड्रॉ से पहले अगर कोई वरीयता प्राप्त खिलाड़ी टूर्नामेंट से हटता है तो वरीयता क्रम में बदलाव किया जा सकता है। पुरुष युगल वर्ग में दक्षिण कोरिया की जोड़ी किम वोन हो और सियो सियुंग जे को शीर्ष वरीयता मिली है। महिला युगल में चीन की लियू शेंग शू और तान निंग की जोड़ी नंबर-1 सीड है। वहीं, मिश्रित युगल वर्ग में चीन के फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग को शीर्ष वरीयता दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here