नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की शुरुआत 2008 में हुई थी और पहले ही सीजन से इस टूर्नामेंट का विवादों से गहरा रिश्ता रहा है। मौजूदा 19वें सीजन में भी अब तक दो बड़े विवाद सामने आ चुके हैं, जिनका संबंध राजस्थान रॉयल्स से रहा है। केवल IPL ही नहीं, बल्कि राजस्थान की फ्रेंचाइजी भी समय-समय पर विवादों में घिरी रही है। इसी कड़ी में हाल ही में रियान पराग का वेपिंग मामला चर्चा में आया, जहां वह ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट का इस्तेमाल करते नजर आए। इस घटना के बाद से मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आईपीएल के पिछले 18 सीजनों में ऐसे कई बड़े विवाद सामने आ चुके हैं, जिन्होंने सुर्खियां बटोरीं। इन मामलों में बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शाहरुख खान का नाम भी शामिल रहा है। शाहरुख पर वानखेड़े स्टेडियम में सिक्योरिटी गार्ड्स के साथ विवाद के चलते बैन लगाया गया था, वहीं एक बार मैदान पर स्मोकिंग करने के कारण उन्हें 100 रुपये का जुर्माना भी भरना पड़ा। ऐसे ही कई अन्य चर्चित मामले हैं, जिनके बारे में हम आपको एक-एक कर बताते हैं।
IPL इतिहास के 10 चर्चित विवाद, जिन्होंने मचाया बवाल
1- हरभजन-श्रीसंत थप्पड़कांड
आईपीएल के पहले ही सीजन में एक बड़ा विवाद सामने आ गया था। मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के बीच मैच के बाद हरभजन सिंह गुस्से में नजर आए और उन्होंने श्रीसंत को थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना ने पूरे क्रिकेट जगत में हंगामा मचा दिया था और यह मामला लंबे समय तक चर्चा में रहा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आज भी इस विवाद की गूंज सुनाई देती है। हालांकि बीच में दोनों खिलाड़ियों के बीच सुलह की खबरें आई थीं, लेकिन हाल ही में ललित मोदी द्वारा वीडियो शेयर किए जाने के बाद यह मामला फिर से सुर्खियों में आ गया है।
2- शाहरुख खान पर वानखेड़े में लगा बैन
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और केकेआर के मालिक शाहरुख खान के ऊपर वानखेड़े स्टेडियम में एंट्री से बैन लग गया था। 2012 में उनके ऊपर सिक्योरिटी गार्ड के साथ हाथापाई करने के आरोप लगे थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्हें मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने दोषी पाया था और वानखेड़े स्टेडियम में उनकी एंट्री पर बैन लगा दिया। इस पर शाहरुख ने बताया भी था कि उनके परिवार के कुछ बच्चे वहां खेल रहे थे और गार्ड ने सीटी बजाकर कुछ कहा जिसे शाहरुख ने भद्दी टिप्पणी समझा था। इसके बाद उन्होंने आपा खोया और गार्ड को मारने दौड़े थे।
3- शाहरुख खान ने भरा 100 रुपये जुर्माना
वानखेड़े विवाद के बाद साल 2012 में एक बार फिर शाहरुख खान ने सुर्खियां बटोरीं जब जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आरआर और केकेआर मैच के दौरान वह धूम्रपान करते दिखे। इसके बाद राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन पर शाहरुख को नहीं रोकने के लिए स्मोकिंग ऐक्ट के तहत 200 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके बाद शाहरुख खान ने भी इसका आधा 100 रुपये का जुर्माना भरा था। फिर 2024 में ईडेन गार्डेन्स में भी शाहरुख सिगरेट पीते नजर आए थे।
4- स्पॉट फिक्सिंग
आईपीएल का सबसे काला दौर था 2013 का जब एस. श्रीसंत, अजीत चंडीला, अंकित चव्हाण के ऊपर स्पॉट फिक्सिंग के आरोप लगे थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा चेन्नई सुपर किंग्स व राजस्थान रॉयल्स के कई बड़े नाम भी इसमें शामिल थे।
5- सीएसके और राजस्थान पर बैन
चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के कई बड़े अधिकारियों का हाथ स्पॉट फिक्सिंग में सामने आया था। इसके बाद दोनों फ्रेंचाइजी के ऊपर 2016 व 2017 दो सीजन के लिए बैन लग गया था।
6- राज कुंद्रा पर हुई कार्रवाई
स्पॉट फिक्सिंग और सट्टेबाजी मामले में राजस्थान रॉयल्स के सह मालिक राज कुंद्रा का भी हाथ सामने आया था। इसके बाद उनके ऊपर कड़ी कार्रवाई हुई थी। लोढ़ा समिति की सिफारिशों के बाद 2015 में BCCI ने राज कुंद्रा पर क्रिकेट से जुड़ी सभी गतिविधियों पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया था।
7- पोलार्ड ने स्टार्क की तरफ फेंका बल्ला
यह विवाद आईपीएल 2014 में सामने आया था। मुकाबला आरसीबी और मुंबई इंडियंस के बीच था। आरसीबी की तरफ से मिचेल स्टार्क गेंदबाजी कर रहे थे और कीरोन पोलार्ड पर बाउंसर से प्रहार कर रहे थे। फिर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। अगली गेंद पर स्टार्क के सामने अचानक पोलार्ड क्रीज से हट गए लेकिन स्टार्क ने फिर भी जानबूझकर गेंद फेंक दी। इसके बाद झल्लाहट में पोलार्ड ने बल्ला स्टार्क की तरफ फेंक दिया। फिर यह मामला और गंभीर हुआ। हालांकि, बल्ला किसी के लगा नहीं।
8- विराट कोहली-गौतम गंभीर की लड़ाई
आईपीएल में प्रतिद्वंद्विता का लेवल इतना हाई होता है कि आपस में ही एक देश के खिलाड़ी भिड़ जाते हैं। ऐसा ही 2013 में हुआ जब गौतम गंभीर और विराट कोहली उस समय के दो बड़े क्रिकेटर आपस में भिड़ गए। यह मामला हुआ था बेंगलुरु के चिन्नास्वामी में जब कोहली के आउट होने के बाद, गंभीर ने कुछ टिप्पणी की, जिस पर कोहली ने प्रतिक्रिया दी और दोनों के बीच कहासुनी हो गई। फिर अंपायर्स और साथी खिलाड़ियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया था। इसके बाद 2023 में आरसीबी और लखनऊ सुपर जायंट्स के मैच में भी दोनों आमने-सामने आए थे और तब 100 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना दोनों पर लगा था।
9- डगआउट में मोबाइल का इस्तेमाल, RR मैनेजर पर उठे सवाल
राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर आईपीएल 2026 के दौरान विवादों में फंस गए डगआउट में बैठकर फोन चलाने के लिए। उनके पास वैभव सूर्यवंशी बैठे थे। इसके बाद यह मामला बहुत गर्माया और एक्शन भी रोमी पर लिया गया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की भष्टाचार रोधी साखा (ACSU) ने चेतावनी और 1 लाख रुपये के जुर्माने के साथ उन्हें बरी किया।
10- ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट पीते दिखे रियान पराग, मचा बवाल
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ई-सिगरेट भारत में प्रतिबंधित है, ऐसे में रियान पराग का टीम के ड्रेसिंग रूम में खुलेआम वेपिंग करना बड़ा विवाद बन गया। इस घटना पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन उन्हें केवल मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाकर छोड़ दिया गया। सजा के ऐलान के बाद भी यह मामला शांत नहीं हुआ और बहस जारी है कि क्या सिर्फ जुर्माना ही पर्याप्त था या इस पर और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए थी।


