संडेज ऑन साइकिल का 100वां संस्करण: देशभर में 29 नवंबर को 100 प्रतिष्ठित स्थलों पर एक साथ साइकिल चलाकर ओलंपिक मूल्यों का उत्सव मनाएगा भारत

0

भोपाल। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (MYAS), फिट इंडिया मूवमेंट, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) द्वारा कल रविवार, 29 नवंबर को ‘संडेज ऑन साइकिल’ (SOC) के 100वें ऐतिहासिक संस्करण का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन का नेतृत्व माननीय केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया मुंबई के गिरगांव चौपाटी से करेंगे। वहीं, देशभर के 100 प्रतिष्ठित स्थलों से खेल जगत की हस्तियां, सेलिब्रिटी और हजारों फिटनेस प्रेमी इस अभियान से जुड़ेंगे। इन प्रमुख स्थलों में भोपाल स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय भी शामिल है। इसके साथ ही देश के प्रत्येक जिले में इस आयोजन के माध्यम से भारतीय ओलंपिक आंदोलन के प्रति जागरूकता और उत्साह का संदेश दिया जाएगा।

इसे लेकर भारतीय खेल प्राधिकरण प्रेस वार्ता आयोजित की जिसकी अध्यक्षता भारतीय खेल प्राधिकरण केंद्रीय केंद्र भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक गौरव रावत ने की। इस अवसर पर विवेक सागर प्रसाद, डीएसपी, अजुर्न अवार्डी एवं ओलंपियन; रजत शर्मा, सहायक निदेशक, SAI CRC भोपाल; नवीन कुमार गोब्बुरु, सहायक निदेशक, SAI CRC भोपाल; राम सिंह, एथलेटिक्स कोच एवं ओलंपियन; सुश्री एल. नेहा देवी, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तथा समीर वर्मा, सहायक निदेशक, पत्र सूचना कार्यालय (PIB), मध्य प्रदेश विशेष रूप से उपस्थित रहे।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए गौरव रावत क्षेत्रीय निदेशक, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), CRC भोपाल ने कहा कि “संडेज ऑन साइकिल का 100वां संस्करण हमारे लिए गौरव और उत्सव का अवसर है। यह पहल केवल साइकिल चलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने वाला जन आंदोलन बन चुकी है। भोपाल में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में आयोजित होने वाला यह विशेष संस्करण नागरिकों को फिटनेस के साथ जोड़ने और भारत के ओलंपिक सपने के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। मैं सभी नागरिकों से इस ऐतिहासिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करता हूं।”

मीडिया से बात करते हुए अर्जुन पुरस्कार विजेता एवं दो बार के ओलंपियन विवेक सागर प्रसाद, से कहा कि फिटनेस एक मजबूत राष्ट्र की नींव है और मुझे खुशी है कि इस तरह की पहल लोगों को खेल और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है।भारतीय खेल एथलेटिक्स कोच एवं 2012 ओलंपियन राम सिंह ने कहा कि “खेल और फिटनेस एक-दूसरे के पूरक हैं। एक खिलाड़ी के जीवन में अनुशासन, नियमित अभ्यास और शारीरिक सक्रियता का विशेष महत्व होता है। संडेज ऑन साइकिल जैसी पहल बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के साथ खेल संस्कृति को भी मजबूत करती है। इस अभियान का 100वां संस्करण भारत को एक फिट और खेल-प्रेमी राष्ट्र बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है।”

इस वर्ष की थीम भारत के ओलंपिक सपने की ओर साइकिल से कदम संडेज ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण ओलंपिक के तीन मूलभूत मूल्यों उत्कृष्टता (Excellence), सम्मान (Respect) और मैत्री (Friendship) को समर्पित है। इस वर्ष की थीम “Pedalling Towards India’s Olympic Dream” (भारत के ओलंपिक सपने की ओर साइकिल से कदम) रखी गई है। इस आयोजन का उद्देश्य भारत की खेल उत्कृष्टता का उत्सव मनाने, स्वस्थ एवं फिट भारत के निर्माण और भविष्य में ओलंपिक खेलों की मेजबानी के राष्ट्रीय संकल्प को मजबूती प्रदान करना है।

फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत ‘संडेज ऑन साइकिल’ की शुरुआत दिसंबर 2024 में माननीय केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के मार्गदर्शन में हुई थी। यह पहल अब एक साप्ताहिक जन आंदोलन का रूप ले चुकी है, जो माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज” और “मोटापे के खिलाफ लड़ाई” के संदेश को जन-जन तक पहुंचा रही है।

यह पहल न केवल शारीरिक फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करती है, बल्कि शहरों, कस्बों और गांवों के लोगों को एक साझा उद्देश्य के साथ जोड़ती है। ‘संडेज ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण इस यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिसमें सभी आयु वर्ग के नागरिक स्वास्थ्य, देश और भारत के ओलंपिक सपने के लिए एक साथ साइकिल चलाएंगे।

भोपाल में इस अवसर पर कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6:00 बजे इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में होगा। प्रतिभागियों से प्रातः 6:00 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने का अनुरोध किया गया है। आयोजन के दौरान सामूहिक साइकिल रैली, फिटनेस गतिविधियां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों के साथ संवाद जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

  • कार्यक्रम का विवरण
  • दिन: रविवार, 29 नवंबर 2026
  • समय: प्रातः 6:00 बजे से
  • स्थान: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय, भोपाल

आइए, साइकिल चलाएं, फिट रहें और भारत के ओलंपिक सपने को साकार करने में सहभागी बनें! फिट इंडिया मूवमेंट सभी नागरिकों से इस ऐतिहासिक आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लेने और इस विशेष अवसर का हिस्सा बनने की अपील करता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here