चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 सीटें रहेंगी हमेशा खाली, भगदड़ में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि

0

बेंगलुरु. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुए भगदड़ हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए अहम फैसला लिया है। अब स्टेडियम में 11 सीटें हमेशा के लिए खाली रखी जाएंगी और उन्हें कभी बेचा नहीं जाएगा।

यह फैसला 4 जून 2025 को हुए उस दर्दनाक हादसे की याद में लिया गया है, जब RCB की पहली इंडियन प्रीमियर लीग ट्रॉफी जीत के जश्न के दौरान स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई थी। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। RCB और KSCA ने यह भी तय किया है कि स्टेडियम के एंट्री गेट के पास एक स्मारक पट्टिका लगाई जाएगी, जहां पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके अलावा, IPL मैचों से पहले मृतकों के नाम प्रदर्शित किए जाएंगे और एक मिनट का मौन रखा जाएगा, जिसमें दोनों टीमें हिस्सा लेंगी।

हादसे के बाद जस्टिस जॉन माइकल डी कुन्हा कमेटी ने स्टेडियम को बड़े आयोजनों के लिए असुरक्षित बताया था, जिसके चलते यहां मैचों पर रोक लगा दी गई थी। इसी वजह से आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 के मुकाबले भी बेंगलुरु से हटाकर दूसरे शहरों में आयोजित किए गए थे। हालांकि, हाल ही में स्टेडियम को फिर से मैचों की मेजबानी की अनुमति मिल गई है।

अब आईपीएल 2026 के तहत 28 मार्च को इसी मैदान पर RCB और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच ओपनिंग मैच खेला जाएगा। कर्नाटक सरकार ने भी यहां मैच आयोजन को मंजूरी दे दी है। यह पहल न सिर्फ हादसे में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि है, बल्कि भविष्य में सुरक्षा को लेकर जागरूकता का भी एक मजबूत संदेश देती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here