मियामी. इटली के स्टार टेनिस खिलाड़ी जैनिक सिनर ने एटीपी मास्टर्स 1000 स्तर पर इतिहास रचते हुए नोवाक जोकोविच का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सिनर अब इस स्तर पर लगातार 26 सेट जीतने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। सिनर ने मियामी ओपन के तीसरे राउंड में फ्रांस के कोरेंटिन मूटे को 6-1, 6-4 से हराकर यह उपलब्धि हासिल की। यह मुकाबला 1 घंटा 11 मिनट तक चला, जिसमें सिनर ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ उन्होंने जोकोविच का 24 लगातार सेट जीतने का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। जोकोविच ने यह रिकॉर्ड 2016 में इंडियन वेल्स और मियामी के दौरान बनाया था। सिनर का यह शानदार फॉर्म पिछले साल नवंबर में पेरिस मास्टर्स से शुरू हुआ था, जहां उन्होंने बिना एक भी सेट गंवाए खिताब जीता था। इसके बाद उन्होंने इस महीने इंडियन वेल्स ओपन भी अपने नाम किया।
लगातार जीत के इस सिलसिले में सिनर ने एटीपी मास्टर्स 1000 स्तर पर 13 मैच लगातार जीतने का रिकॉर्ड भी बना लिया है। मैच के बाद उन्होंने कहा कि वे हर मुकाबले में पूरी एकाग्रता के साथ उतरते हैं और तकनीकी रूप से खुद को तैयार रखने की कोशिश करते हैं। अब चौथे दौर में उनका सामना अमेरिका के एलेक्स मिचेलसन से होगा। मिचेलसन ने अपने मुकाबले में अलेजांद्रो ताबिलो को हराकर अगले दौर में जगह बनाई है। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए सिनर को टूर्नामेंट का प्रबल दावेदार माना जा रहा है, खासकर कार्लोस अल्कराज के बाहर होने के बाद उनके लिए खिताब की राह और आसान मानी जा रही है।


