लाल परेड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट का 11वां संस्करण 9 जनवरी से, छह दिन चलेगा खेलों का रोमांच

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल के जहांगीराबाद स्थित लाल परेड पुलिस जिम्नेजियम बैडमिंटन हॉल में लाल परेड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के 11वें संस्करण का भव्य शुभारंभ 9 जनवरी 2026 से होगा। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 14 जनवरी तक आयोजित की जाएगी। टूर्नामेंट का आयोजन लाल परेड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट जहांगीराबाद, भोपाल द्वारा किया जा रहा है, जो जिला बैडमिंटन संघ, भोपाल के तत्वावधान में संपन्न होगा। अब तक इस टूर्नामेंट के 10 सफल संस्करण आयोजित किए जा चुके हैं और वर्ष 2026 में इसका 11वां संस्करण उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए खेला जाएगा। प्रतियोगिता में बालक, बालिका, महिला और पुरुष वर्गों में जोरदार और रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। यह आयोजन भोपाल और आसपास के क्षेत्रों की उभरती खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करेगा।

आयोजन समिति के सचिव गोपाल सिंह धाकड़ ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता का स्वरूप पहले से अधिक व्यापक रखा गया है। टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए केवल ऑनलाइन पंजीयन ही मान्य होगा। पंजीयन लिंक टूर्नामेंट के पोस्टर पर अंकित है और भोपाल के सभी बैडमिंटन क्लबों के नोटिस बोर्ड पर भी उपलब्ध कराई गई है।

प्रतियोगिता सब जूनियर, जूनियर, सीनियर और मास्टर्स वर्ग में आयोजित की जाएगी, जिसमें बालक-बालिका, पुरुष और महिला खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। सभी वर्गों के विजेताओं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए प्रतिदिन “प्लेयर ऑफ द डे” का चयन कर सम्मानित किया जाएगा। टूर्नामेंट की सभी तकनीकी व्यवस्थाएं जिला बैडमिंटन संघ, भोपाल की देखरेख में की जाएंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here