राष्ट्रीय चैंपियनशिप से पहले कयाकिंग-कैनोइंग छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने खेल मंत्री अरुण साहू से की मुलाकात

0

एनएसटी न्यूज, रायपुर। 14वीं राष्ट्रीय ड्रैगन बोट सीनियर एवं जूनियर चैंपियनशिप और 13वीं कैनो स्लैलम राष्ट्रीय सीनियर एवं जूनियर चैंपियनशिप में भाग लेने से पूर्व छत्तीसगढ़ प्रदेश के कयाकिंग एंड कैनोइंग खिलाड़ियों ने खेल मंत्री अरुण साहू से उनके निवास पर मुलाकात की। यह मुलाकात छत्तीसगढ़ प्रदेश कायाकिंग एंड कैनोइंग एसोसिएशन के सहसचिव प्रशांत सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में हुई, जिसमें चैंपियनशिप में जाने वाले सभी खिलाड़ियों ने भाग लिया।

भारतीय कयाकिंग और कैनोइंग एसोसिएशन के तत्वावधान में 14वीं राष्ट्रीय ड्रैगन बोट सीनियर एवं जूनियर चैंपियनशिप का आयोजन 6 से 9 जनवरी 2026 तक मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के लोअर लेक में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ से 19 बालक, 12 बालिका खिलाड़ी और 2 कोच हिस्सा ले रहे हैं। वहीं 13वीं कैनो स्लैलम राष्ट्रीय सीनियर एवं जूनियर चैंपियनशिप 12 से 15 जनवरी 2026 तक मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर में आयोजित होगी, जिसमें छत्तीसगढ़ से 2 बालक, 2 बालिका खिलाड़ी और 1 कोच भाग लेंगे।

मुलाकात के दौरान खिलाड़ियों ने खेल मंत्री को दोनों राष्ट्रीय चैंपियनशिप की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर खेल मंत्री अरुण साहू ने खेल विभाग द्वारा प्रदत्त ट्रैक सूट का वितरण किया और सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि हर बार की तरह इस बार भी खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन करेंगे।

टीम में जगदलपुर के 6 खिलाड़ी भी शामिल हैं। एनआईएस कोच पिंकी साहू और सहायक कोच परवेश सोनवाने भी टीम के साथ राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि कयाकिंग एंड कैनोइंग खेल के खिलाड़ी लगातार ओलंपिक स्तर सहित राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य के लिए सर्वाधिक पदक अर्जित करते आ रहे हैं। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कायाकिंग एंड कैनोइंग संघ के अध्यक्ष बलदेव सिंह भाटिया, कार्यकारी अध्यक्ष रोहित काले, सचिव अभिजीत मिश्रा, सहसचिव प्रशांत सिंह रघुवंशी और सहसचिव अमरजीत छाबड़ा ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here