15 फरवरी को क्रिकेट का डबल धमाका, दो देशों में होगा IND vs PAK मुकाबला

0

नई दिल्ली : 15 फरवरी का दिन क्रिकेट फैंस के लिए किसी सुपर संडे से कम नहीं होगा। इस दिन IND vs PAK मुकाबले का डबल रोमांच देखने को मिलेगा, क्योंकि भारत और पाकिस्तान के बीच एक नहीं बल्कि दो-दो मैच खेले जाएंगे। पहला हाई-वोल्टेज मुकाबला टी20 वर्ल्ड कप में होगा, जिसका इंतजार दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमी कर रहे हैं। वहीं, इसी दिन भारतीय और पाकिस्तानी महिला टीमों के बीच भी एक अहम मैच खेला जाएगा, जिसकी जानकारी कम फैंस को है। ऐसे में 15 फरवरी को क्रिकेट प्रेमियों को पूरे दिन रोमांच का डोज मिलने वाला है। आइए जानते हैं दोनों मुकाबलों की टाइमिंग और डिटेल्स।

टी20 वर्ल्ड कप में फिर भिड़ेंगी भारत और पाकिस्तान की टीमें

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच एक मुकाबला खेला जाना है। ये मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच की शुरुआत भारतीय समयनुसार शाम 7 बजे से होगी। दोनों टीमों के कप्तान शाम 6:30 बजे मैदान पर टॉस के लिए आएंगे। भारत और पाकिस्तान की टीमें टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दो-दो मैच खेल चुके हैं और दोनों ही टीमें अपने पहले दो मैचों में जीत दर्ज कर चुकी है। भारत अपने पहले दो मैच में यूएसए और नामीबिया को हरा चुका है।

एशिया कप में आमने-सामने होंगी इंडिया ए वुमेंस और पाकिस्तान वुमेंस टीमें

15 फरवरी को मुख्य मुकाबले से पहले भारत और पाकिस्तान के बीच एक और अहम मैच खेला जाएगा। यह मैच ACC द्वारा आयोजित ACC Women’s Asia Cup Rising Stars में इंडिया ए और पाकिस्तान ए महिला टीमों के बीच होगा। उभरती हुई महिला खिलाड़ियों के लिए यह टूर्नामेंट एक बड़ा मंच है, जहां युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता साबित करने का मौका मिलता है। यह मुकाबला थाईलैंड की राजधानी Bangkok के टेर्डथाई क्रिकेट ग्राउंड पर दोपहर 12:30 बजे से खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में इंडिया ए वुमेंस टीम ने अपना पहला मैच यूएई के खिलाफ खेला था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में टीम इस मुकाबले में पाकिस्तान को हराकर अपनी पहली जीत दर्ज करने और टूर्नामेंट में वापसी करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

एशिया कप राइजिंग स्टार: आठ टीमों के बीच खिताब की भिड़ंत

वुमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स में कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस टूर्नामेंट में इंडिया ए, पाकिस्तान ए, बांग्लादेश ए, श्रीलंका ए, यूएई, नेपाल, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें खेल रही हैं। सभी टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है और हर ग्रुप में 4-4 टीमें शामिल हैं। ग्रुप ए में इंडिया ए, पाकिस्तान ए, यूएई और नेपाल को रखा गया है। ग्रुप स्टेज में हर टीम अपनी ग्रुप की अन्य टीमों से मुकाबला करेगी। इसके बाद हर ग्रुप की टॉप दो टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी, जिससे टूर्नामेंट का रोमांच और भी बढ़ जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here