ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज क्रिकेटर स्टीव स्मिथ के पास WTC फाइनल में नया इतिहास रचने का शानदार मौका

0

नई दिल्ली: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 के चैंपियन का जल्द ही फैसला हो जाएगा। 11 जून से इंग्लैंड के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका आमने-सामने होंगे। इस मैच में वैसे तो एक से बढ़कर एक खिलाड़ी नजर आएंगे लेकिन सबकी निगाहें ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज क्रिकेटर स्टीव स्मिथ पर टिकी होंगी। स्टीव स्मिथ ने इसी साल जनवरी में श्रीलंका दौरे पर टेस्ट में 10 हजार रन पूरे करने का शानदार कारनामा किया था और अब उनके पास लॉर्ड्स में होने वाले WTC फाइनल में नया इतिहास रचने का शानदार मौका होगा। दरअसल, स्टीव स्मिथ लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया के महान क्रिकेटर डॉन ब्रैडमैन और वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेटर गैरी सोबर्स का बड़ा कीर्तिमान ध्वस्त कर सकते हैं।

इसके लिए उन्हें सिर्फ अर्धशतक की दरकार है। स्मिथ अगर 40 रन बना देते हैं, तो वह डॉन ब्रैडमैन का लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने का कार्तिमान तोड़ देंगे। क्रिकेट के मक्का यानी लॉर्ड्स में स्मिथ ने 4 टेस्ट मैचों की 7 पारियों में 73.14 के शानदार औसत से 512 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं। इसी मैदान पर डॉन ब्रैडमैन के नाम 551 रन दर्ज हैं। वहीं, अगर स्मिथ 60 रन का आंकड़ा छू लेते हैं, तो वह लॉर्ड्स में सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले मेहमान बल्लेबाज बन जाएंगे। अभी यह कीर्तिमान गैरी सोबर्स के नाम है। गैरी सोबर्स ने लॉर्ड्स में 5 टेस्ट मैचों की 9 पारियों में 571 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 2 अर्धशतक आए थे।

लॉर्ड्स में सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले विदेशी बल्लेबाज
  • गैरी सोबर्स – 571
  • डॉन ब्रैडमैन – 551
  • शिवनारायण चंद्रपॉल – 512
  • स्टीव स्मिथ – 512
  • दिलीप वेंगसरकर – 508
  • एलन बॉर्डर – 503
    गौरतलब है कि स्मिथ ने अब तक अपने करियर में 116 टेस्ट मैच खेले हैं और 56.74 की औसत से 10271 रन बनाए हैं। उन्होंने 36 शतक और 41 अर्द्धशतक भी लगाए हैं। वह टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। स्मिथ से ज्यादा रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियन बल्लेबाजों में रिकी पोंटिंग (13378), एलन बॉर्डर (11174) और स्टीव वॉ (10927) हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here