नई दिल्ली : मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर शुक्रवार (24 अप्रैल) को 53 साल के हो गए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दुनिया के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले इस दिग्गज खिलाड़ी को ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए 18 साल पुरानी एक घटना के लिए माफी भी मांगी। ब्रेट ली ने अपने इंस्टाग्राम पर 2008 में कॉमनवेल्थ सीरीज के बेस्ट ऑफ थ्री फाइनल्स के पहले मुकाबले की एक तस्वीर साझा की, जो सिडनी में खेला गया था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तेंदुलकर ने इस मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा था और भारत को जीत दिलाई थी। तेंदुलकर जब 98 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे तब ब्रेट ली ने उन्हें बीमर फेंका था। गेंद तेंदुलकर के बाएं कंधे पर लगी थी। ली ने इस खतरनाक गेंद के बाद तेंदुलकर से हालचाल लिया था। दोनों ने हाथ मिलाया था। इससे विवाद पैदा होने से बच गया था। अब ब्रेट ली ने 2026 में इंस्टाग्राम पोस्ट करके सचिन तेंदुलकर जन्मदिन की बधाई दी और इस बीमर के लिए माफी मांगी।
जन्मदिन मुबारक हो, लिटिल मास्टर
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ब्रेट ली ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘क्रिकेटर होते हैं, महान खिलाड़ी होते हैं… और फिर सचिन तेंदुलकर हैं। उस इंसान को जन्मदिन की बधाई जिसने सिर्फ क्रिकेट नहीं खेला, बल्कि उसे जिया भी। उनकी कला दर्शनीय थी। एक दिग्गज, एक सज्जन और एक सच्चा दोस्त। आज आपका जन्मदिन है तो मैं आपको उपहार में स्लॉट में हाफ वॉली देता हूं। सचिन आगे बढ़ो। आपको पता है कि इसके साथ क्या करना है। आपको हमेशा पता था। जन्मदिन मुबारक हो, लिटिल मास्टर।’
ब्रेट ली ने बीमर के लिए माफी मांगी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ब्रेट ली ने बीमर के लिए माफी मांगते हुए कहा, “दोस्त, इसके लिए माफी चाहता हूं।” उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में सचिन तेंदुलकर को अपनी गेंद पर स्ट्रेट ड्राइव लगाते हुए एक वीडियो भी शेयर किया है। इसके अलावा एक फोटो में बीमर के बाद दोनों खिलाड़ी हाथ मिलाते नजर आ रहे हैं। एक अन्य तस्वीर 2004 सिडनी टेस्ट की है, जिसमें तेंदुलकर ने 241 रनों की शानदार पारी खेली थी और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज उन्हें बधाई देता दिख रहा है।


