राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए राज्य के खिलाड़ियों का होगा चयन
रायपुर। 19वीं छत्तीसगढ़ रोलर स्केटिंग स्पर्धा का आयोजन आगामी 9 से 11 अक्टूबर तक राजधानी रायपुर स्थित केपीएस स्कूल के रिंक में किया जाएगा। इस राज्य स्तरीय स्पर्धा के प्रदर्शन के आधार पर आगामी 5 दिसंबर से बेंगलुरु में आयोजित होने वाली 64वीं राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग स्पर्धा के लिए छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता विभिन्न आयु एवं खेल कैटेगरी में बालक एवं बालिका वर्ग में आयोजित होगी। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। छत्तीसगढ़ रोलर स्केटिंग संघ के सचिव किशोर भंडारी ने बताया कि प्रतियोगिता में राज्य संघ से अनुमति प्राप्त सभी जिला संघों से जुड़े खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन को देखते हुए राज्य स्तरीय स्पर्धा में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।


