Asian Games: हॉकी में भारत का गोलों का तूफान, श्रीलंका के खिलाफ 16-1 से बड़ी जीत

0

नई दिल्ली : ड्रैग-फ्लिकर जुगराज सिंह, स्ट्राइकर अभिषेक और दिलप्रीत सिंह की शानदार हैट्रिक की बदौलत भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने मंगलवार (22 सितंबर) को एशियन गेम्स के पूल ए के अपने दूसरे मुकाबले में श्रीलंका को 16-1 से करारी शिकस्त दी। भारत की टूर्नामेंट में यह लगातार दूसरी बड़ी जीत है। इससे पहले टीम ने इंडोनेशिया को 13-1 से हराया था। श्रीलंका के खिलाफ जुगराज सिंह ने 10वें, 22वें, 42वें और 53वें मिनट में गोल दागते हुए कुल 4 गोल किए। वहीं, अभिषेक ने 11वें, 17वें और 49वें मिनट में तथा दिलप्रीत सिंह ने 30वें, 38वें और 55वें मिनट में तीन-तीन मैदानी गोल कर भारत की जीत में अहम योगदान दिया।

कप्तान हरमनप्रीत सिंह (16वें, 45वें मिनट), मनदीप सिंह (5वें मिनट), सुखजीत सिंह (29वें मिनट), मनप्रीत सिंह (31वें मिनट) और विवेक सागर प्रसाद (36वें मिनट) ने भी गोल किए। श्रीलंका का एकमात्र गोल सुरेश रत्नायके ने 50वें मिनट में किया जो एशियाई खेलों के इतिहास में भारत के खिलाफ उनका पहला गोल था। भारत अब अगले मुकाबले में बृहस्पतिवार को दक्षिण कोरिया से खेलेगा।

5 मिनट बाद भारत ने की गोलों की शुरुआत

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उम्मीद के मुताबिक भारतीय टीम शुरुआत से ही हावी रही और उसने कमजोर मानी जा रही श्रीलंकाई टीम के खिलाफ खेल पर अपना दबदबा बनाए रखा। भारत को पहला गोल करने के लिए पांच मिनट लगे जब मनदीप ने अभिषेक की मदद से गोल किया। इसके लगभग पांच मिनट बाद जुगराज ने जबरदस्त ड्रैग-फ्लिक के जरिए गोल करके भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया।

शुरुआती 22 मिनट में भारत का दबदबा

एक मिनट बाद अभिषेक ने शानदार मैदानी गोल करके स्कोरशीट में अपना नाम दर्ज कराया। कप्तान हरमनप्रीत भी पीछे नहीं रहे और उन्होंने 16वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। अभिषेक ने एक मिनट बाद एक और मैदानी गोल करके दिन का अपना दूसरा गोल किया। जुगराज ने ड्रैग-फ्लिकर के तौर पर अपना दबदबा बनाते हुए 22वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को 6-0 से आगे कर दिया।

पहले हाफ में भारत की तूफानी हॉकी, 8 गोल

सुखजीत ने भी स्कोरशीट में अपना नाम दर्ज कराया, उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर से शुरुआती कोशिश के नाकाम रहने के बाद उप-कप्तान हार्दिक सिंह से मिले पास पर गोल कर दिया। दिलप्रीत ने मनदीप के पास को चालाकी से डिफ्लेक्ट करके पहले हाफ तक भारत का स्कोर 8-0 कर दिया। दूसरे हाफ के एक मिनट बाद मनप्रीत ने एक और बेहरतीन मैदानी गोल कर स्कोर में इजाफा किया।

भारत ने तीसरे क्वार्टर में पूरा किया 13 गोल का आंकड़ा

इसके पांच मिनट बाद विवेक ने रिवर्स शॉट से गोल किया और फिर दिलप्रीत ने सुखजीत के साथ शानदार तालमेल से श्रीलंकाई डिफेंस को भेदते हुए दिन का अपना दूसरा गोल किया। जुगराज ने पेनल्टी स्ट्रोक को बखूबी गोल में बदलकर अपनी हैट्रिक पूरी की। हरमनप्रीत ने तीसरे क्वार्टर के आखिर में एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 13-0 कर दिया।

दिलप्रीत सिंह ने दूसरी बार लगाई हैट्रिक

अभिषेक ने जल्द ही ‘बैक ऑफ द स्टिक’ से शानदार गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी कर ली। इसके बाद श्रीलंका ने रत्नायके के गोल के जरिए एशियन गेम्स के इतिहास में भारत के खिलाफ अपना पहला गोल किया। हालांकि, भारत ने इसके बाद भी आक्रामक खेल जारी रखा। जुगराज सिंह ने पेनल्टी स्पॉट से अपना चौथा गोल दागा। इसके बाद मनदीप से मिले बेहतरीन पास को गोल में तब्दील करते हुए दिलप्रीत सिंह ने एशियन गेम्स में अपनी दूसरी हैट्रिक पूरी कर ली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here