नई दिल्ली : इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने घोषणा की है कि 2027 पुरुष वनडे विश्व कप के मुकाबले 12 शहरों में आयोजित किए जाएंगे। करीब 24 साल बाद यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट फिर से दक्षिणी अफ्रीका लौटेगा। टूर्नामेंट के 54 मैच दक्षिण अफ्रीका के आठ शहरों, जिम्बाब्वे के तीन शहरों और नामीबिया की राजधानी विंडहोक में खेले जाएंगे। इस विश्व कप की संयुक्त मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे। इससे पहले वर्ष 2003 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या ने मिलकर वनडे विश्व कप की मेजबानी की थी।
दक्षिण अफ्रीका में जोहान्सबर्ग, सेंचुरियन, डरबन, गकेबरहा, म्बोम्बेला (कुगोम्पो सिटी), केपटाउन, पार्ल और ब्लोमफोंटेन विश्व कप 2027 के प्रमुख मेजबान शहर होंगे, जहां 54 मुकाबलों में से अधिकांश मैच खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का फाइनल जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम या केपटाउन के न्यूलैंड्स में आयोजित किए जाने की संभावना है। वहीं जिम्बाब्वे के हरारे, बुलावायो और विक्टोरिया फॉल्स में 7 से 10 मैच खेले जाएंगे, जबकि नामीबिया की राजधानी विंडहोक कम से कम तीन मुकाबलों की मेजबानी करेगा। बेनोनी और पोटचेफस्ट्रूम को वार्म-अप मैचों के लिए चुना गया है। इसके अलावा नामीबिया के विश्व कप क्वालिफायर की सह-मेजबानी करने की भी संभावना है। टूर्नामेंट 4 अक्टूबर से 21 नवंबर 2027 के बीच आयोजित होने की उम्मीद है।
साउथ अफ्रीका के मैदान
वांडरर्स स्टेडियम (जोहान्सबर्ग), सेंचुरियन (त्शवाने), न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड (केपटाउन), किंग्समीड क्रिकेट ग्राउंड (डरबन), सेंट जॉर्ज पार्क (गकेबरहा), मंगांग ओवल (ब्लोमफोंटेन), बोलैंड पार्क (पार्ल) और बफेलो पार्क (कुगोम्पो सिटी, जिसे पहले ईस्ट लंदन के नाम से जाना जाता था)।
जिम्बाब्वे के मैदान
हरारे स्पोर्ट्स क्लब (हरारे), क्वींस स्पोर्ट्स क्लब (बुलावायो), फाले मोसी-ओआ-तुन्या इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (विक्टोरिया फॉल्स)।
नामीबिया
नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड (विंडहोक)।
2003 वर्ल्ड कप के बाद साउथ अफ्रीका ने इन आईसीसी टूर्नामेंट्स की मेजबानी की
2003 में साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या ने 8वें मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप की मेजबानी की थी। इसके बाद से साउथ अफ्रीका ने कई बड़े आईसीसी टूर्नामेंट होस्ट किए हैं। इनमें पहला मेन्स टी20 वर्ल्ड कप (2007), विमेंस T20 वर्ल्ड कप (2023), अंडर-19 मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप (2020 और 2024) और अंडर-19 विमेंस टी20 वर्ल्ड कप (2023) शामिल हैं।


