सात्विक-चिराग की जोड़ी अगले दौर में पहुंची, दूसरे राउंड में बिना खेले मिली जीत

0

नई दिल्ली : भारत में जारी विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में बुधवार को भारतीय टीम की शुरुआत सकारात्मक रही। पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी दूसरे दौर में वॉकओवर मिलने के बाद प्री-क्वार्टर फाइनल यानी तीसरे दौर में पहुंच गई। दूसरे दौर में भारतीय जोड़ी का सामना स्कॉटलैंड की जोड़ी से होना था, लेकिन मुकाबले से पहले स्कॉटिश जोड़ी ने अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद सात्विक-चिराग को बिना मुकाबला खेले अगले दौर में प्रवेश मिल गया।
विश्व चैंपियनशिप में पहले दो कांस्य पदक जीत चुकी पांचवीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी को पहले दौर में भी बाई मिला था। इसके बाद दूसरे दौर में उनका मुकाबला स्कॉटलैंड के एलेक्जेंडर डन और एडम प्रिंगल से होना था। स्कॉटलैंड की जोड़ी ने आखिरी क्षण में नाम वापस लिया, जिससे सात्विक और चिराग को कोर्ट में उतरे बिना ही ‘राउंड ऑफ 16’ में जगह मिल गई।

तनीषा-ध्रुव की जोड़ी ने भी दर्ज की शानदार जीत

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के अलावा तनीषा क्रास्टो और ध्रुव कपिला की मिश्रित युगल जोड़ी ने भी शानदार जीत दर्ज की। भारतीय जोड़ी ने मकाऊ के लियोन इओक चोंग और एनजी वेंग ची को सीधे गेमों में 21-11, 21-11 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। इस जीत के साथ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारतीय चुनौती और मजबूत हुई है। बुधवार को भारत की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु, उन्नति हुड्डा, आयुष शेट्टी, हरिहरन-अर्जुन की जोड़ी और लक्ष्य सेन भी अपने दूसरे दौर के मुकाबलों में उतरेंगे।

इससे पहले मंगलवार को त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की गैरवरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने महिला युगल के पहले दौर में 16वीं वरीयता प्राप्त अमेरिकी जोड़ी लॉरेन लैम और एलिसन क्विन ली को सीधे गेमों में हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं, लक्ष्य सेन ने भी पहले दौर में शानदार जीत के साथ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपने अभियान की सकारात्मक शुरुआत की। इन परिणामों से टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की उम्मीदें और बढ़ गई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here