नई दिल्ली: भारत के 22 वर्षीय युवा ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी ने यरुशलम मास्टर्स के फाइनल में अपने हमवतन और पांच बार के विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद को हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। इस यादगार जीत के साथ अर्जुन ने यरुशलम मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। दोनों दिग्गजों के बीच शुरुआती रैपिड मुकाबले ड्रॉ रहे, लेकिन इसके बाद आए ब्लिट्ज टाईब्रेक में एरिगैसी ने धमाका किया। उन्होंने पहले ब्लिट्ज मैच में सफेद मोहरों से जीत दर्ज कर निर्णायक बढ़त बनाई और खिताब पर कब्जा कर लिया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 22 वर्षीय अर्जुन एरिगैसी दूसरे ब्लिट्ज मुकाबले में भी जीत के क़रीब पहुंचे, लेकिन अंत में उन्हें ड्रॉ से ही संतोष करना पड़ा। हालांकि, यह परिणाम उनके लिए 2.5-1.5 के स्कोर के साथ फाइनल में जीत और यरुशलम मास्टर्स का खिताब अपने नाम करने के लिए पर्याप्त था।
“यह खिताब हासिल करना आसान नहीं था…”
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अर्जुन एरिगैसी ने इस बेहतरीन जीत के बाद कहा, ‘‘यह जीत आसान नहीं थी। मेरे सामने कई चुनौतियां थी और मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी नहीं कर पाया। इसके बावजूद खिताब हासिल करके मैं बहुत खुश हूं। आज के दोनों मुकाबले (पीटर स्विडलर और फिर आनंद के खिलाफ) काफी तनावपूर्ण रहे। आनंद सर के खिलाफ पहले गेम में हम दोनों ने मौके गंवाए। लेकिन मुझे लगता है कि ब्लिट्ज़ में मैंने अच्छा प्रदर्शन किया।’’
विजेता और रनर-अप को मिले इनाम की राशि कितनी?
इस खिताब पर कब्जा करने के बाद अर्जुन एरिगैसी को 55,000 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि मिली, जबकि रनर-अप विश्वनाथन आनंद को 35,000 अमेरिकी डॉलर दिए गए। सेमीफाइनल में एरिगैसी ने रूस के ग्रैंडमास्टर पीटर स्विडलर को हराया, वहीं आनंद ने विश्व ब्लिट्ज चैंपियन इयान नेपोमनियाची को मात दी थी।

