नई दिल्ली: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में लगातार चार मैचों में जीत दर्ज करने के बाद आखिरकार मुंबई की टीम का विजयी सफर थम गया। सूर्यकुमार यादव, अजिंक्य रहाणे, सरफराज खान और आयुष म्हात्रे जैसे दिग्गज खिलाड़ियों से सजी यह टीम गुरुवार को संजू सैमसन की कप्तानी वाली केरल के हाथों हार गई। इस जीत के बाद केरल की टीम एलीट ग्रुप ए की अंकतालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं शार्दुल ठाकुर की कप्तानी वाली मुंबई टीम इस हार के बावजूद तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है।
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए केरल ने निर्धारित 20 ओवर में पाँच विकेट खोकर 178 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। कप्तान संजू सैमसन ने पारी की शुरुआत करते हुए 28 गेंदों में 46 रन बनाए। उनके अलावा विष्णु विनोद ने नाबाद 43 रन की जिम्मेदार पारी खेली, जबकि शराफ़ुद्दीन ने अंत में मात्र 15 गेंदों पर 35 रन की तेजतर्रार बल्लेबाज़ी कर टीम का स्कोर 175 के पार पहुंचा दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई की टीम लय नहीं पकड़ सकी और 163 रन पर ही सिमट गई।
सरफराज खान का अर्धशतक रहा बेअसर
179 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत खास नहीं रही। अभी तक टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर रहे आयुष म्हात्रे 3 रन ही बना पाए। उसके बाद अजिंक्य रहाणे ने 32 रन की पारी 18 गेंद पर खेली। वहीं तीसरे नंबर पर आए सरफराज खान ने 40 गेंद पर 52 रन और भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 25 गेंद पर 32 रन की पारी खेली। निचले मध्यक्रम और लोअर ऑर्डर से कोई भी योगदान नहीं आया। कप्तान शार्दुल ठाकुर डक पर आउट हो गए। वहीं शिवम दुबे भी 11 रन ही बना पाए।
केएम आसिफ ने दिखाया धारदार जलवा
आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए डेब्यू करने वाले 32 वर्षीय तेज गेंदबाज केएम आसिफ ने इस मुकाबले में गेंद से अपना दमदार असर छोड़ा। उन्होंने 3.4 ओवर में सिर्फ 24 रन खर्च करके पांच महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए और मुंबई की मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप को गहरा झटका दिया। उनकी शानदार गेंदबाज़ी के चलते मुंबई की टीम निर्धारित लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। आसिफ के अलावा विग्नेश पुथुर ने 2 विकेट झटके, जबकि शराफुद्दीन, एमडी निधीश और अब्दुल बाशित को 1-1 सफलता मिली।


