29 चौके और 16 छक्के, आर्यवीर सहवाग ने अंडर-19 एशिया कप में मचाया तहलका

0

नई दिल्ली : ओमान में खेले जा रहे अंडर 19 एशिया कप 2026 में भारतीय अंडर 19 टीम के ओपनर और दिग्गज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग का तूफानी प्रदर्शन जारी है। यूएई के खिलाफ आखिरी ग्रुप मैच में 160 रन बनाने के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे सेमीफाइनल में उन्होंने 57 गेंद पर 51 रन की पारी खेली। उन्होंने इस पारी में 4 चौके और चार छक्के लगाए।

आर्यवीर सहवाग ने अंडर 19 एशिया कप 2026 में 70 नाबाद, 22, 160 और 51 रनों की पारियां खेलीं। उनके नाम ग्रुप स्टेज और सेमीफाइनल मुकाबले मिलाकर चार मैचों की चार पारियों में 303 रन दर्ज हैं। उनका औसत 100 से ऊपर का रहा है। वहीं उन्होंने अब तक इस टूर्नामेंट में 29 चौके और 16 छक्के लगाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट भी इस दौरान 95 प्लस का रहा है।

160 रन की शानदार पारी से आर्यवीर सहवाग ने मचाया धमाल

आर्यवीर सहवाग ने मौजूदा टूर्नामेंट में अपना दोनों तरह का खेल दिखाया है। उन्होंने तेजतर्रार बल्लेबाजी के साथ-साथ संयम का भी प्रदर्शन किया है। उन्होंने कई मौकों पर सूझबूझ से भी पारी खेली है। उसका उदाहरण थी यूएई के खिलाफ उनकी पारी जिसमें 131 गेंद पर उन्होंने शतक पूरा किया था और अंत में 168 गेंद पर 160 रन बनाकर आउट हुए थे।

यह आर्यवीर सहवाग का अंडर 19 वनडे या यूथ वनडे में पहला शतक भी था। उन्होंने इससे पहले वीनू मांकड़ ट्रॉफी में दिल्ली की कप्तानी करते हुए भी एक बेहतरीन शतकीय पारी खेली थी। उन्होंने 143 गेंद पर 173 रन की पारी खेली थी। इस पारी में उनके बल्ले से 8 छक्के और 19 चौके लगाए थे।

अंडर-19 एशिया कप 2026 में आर्यवीर सहवाग बने नंबर-1 बल्लेबाज

आर्यवीर सहवाग 300 रनों का आंकड़ा पार करने वाले मौजूदा टूर्नामेंट के इकलौते बल्लेबाज हैं। वह सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में भी नंबर 1 पर हैं। उनके बल्ले से चार में से तीन पारियों में फिफ्टी प्लस स्कोर निकले हैं। इसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। अब फाइनल में उनके ऊपर सभी की नजरें होंगी। फाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा और उनकी एकमात्र 50 से कम रन की पारी पाकिस्तान के खिलाफ ही आई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here