एनएसटी न्यूज, भोपाल। 31वां इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 4 जनवरी से ओल्ड कैंपियन मैदान पर शुरू होगा। हर साल की तरह इस बार भी मुकाबले दो ग्रुप में टी-20 फॉर्मेट में खेले जाएंगे। विशेष बात यह है कि भोपाल के साथ इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर की मीडिया टीमें भी इसमें भाग लेंगी। टूर्नामेंट में कुल 42 टीमें और 672 खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे। जरूरत पड़ने पर कुछ मैच फैथ क्रिकेट ग्राउंड और सेंचुरियन मैदान पर कराए जाएंगे। भोपाल खेल पत्रकार संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता की विजेता टीम को एक लाख रुपए नकद पुरस्कार और ट्रॉफी मिलेगी, जबकि रनरअप टीम को 50 हजार रुपए और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। रोजाना एक ही मैदान पर दो मैच खेले जाएंगे और हर मैच के बाद मेन ऑफ द मैच, सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन और वैल्यूएबल प्लेयर का सम्मान दिया जाएगा। ओल्ड कैंपियन मैदान पर टीमों ने प्रैक्टिस शुरू कर दी है। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और खेल मंत्री विश्वास सारंग करेंगे। प्रवेश चाहने वाली टीमें इंद्रजीत मौर्य, डॉ. सुशील सिंह ठाकुर और नवेद इशरत से संपर्क कर सकती हैं। प्रवेश की अंतिम तिथि 31 दिसंबर तय की गई है।


