फ्रेंच ओपन 2026 में 39 वर्षीय जोकोविक का जलवा, 22 साल के खिलाड़ी को हराया

0

पेरिस: उम्र भले ही 39 साल हो चुकी हो, लेकिन नोवाक जोकोविक की फिटनेस, अनुभव और मानसिक मजबूती आज भी उन्हें दुनिया के सबसे खतरनाक खिलाड़ियों में बनाए हुए है। फ्रेंच ओपन 2026 के पहले दौर में उन्होंने घरेलू युवा खिलाड़ी और 22 वर्षीय जियोवानी म्पेत्शी पेरीकार्ड के खिलाफ शानदार वापसी करते हुए मुकाबला 5-7, 7-5, 6-1, 6-4 से अपने नाम किया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआती सेट गंवाने के बाद जोकोविक ने जिस तरह खेल पर नियंत्रण बनाया, उसने एक बार फिर उनके अनुभव और क्लास को साबित कर दिया। करीब तीन घंटे चले मुकाबले में जोकोविक को शुरुआत में फ्रांसीसी दर्शकों के भारी समर्थन का सामना करना पड़ा। पेरीकार्ड की ताकतवर सर्विस और आक्रामक खेल ने पहले सेट में सर्बियाई स्टार को दबाव में डाल दिया। फ्रेंच खिलाड़ी ने 223 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ऐस भी लगाया और दर्शक लगातार उनके समर्थन में नारे लगाते रहे।

दबाव में भी शांत रहे जोकोविक

हालांकि, अनुभवी जोकोविक ने धैर्य नहीं खोया। दूसरे सेट में 10वें ब्रेक प्वाइंट पर सफलता मिलने के बाद उन्होंने मैच की दिशा बदल दी। इसके बाद उनकी फिटनेस और अनुभव युवा प्रतिद्वंद्वी पर भारी पड़े। तीसरे और चौथे सेट में जोकोविक पूरी तरह हावी दिखे और आसानी से मुकाबला अपने नाम कर लिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मैच के बाद जोकोविक ने कहा कि रोलां गैरो में किसी फ्रांसीसी खिलाड़ी के विरुद्ध खेलना हमेशा मुश्किल होता है क्योंकि दर्शकों का दबाव लगातार बना रहता है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि 39 साल की उम्र में तीन घंटे का मैच खेलना डॉक्टर की सलाह जैसा है। यह जोकोविक का रिकॉर्ड 82वां ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट है। इसके साथ ही उन्होंने रोजर फेडरर और फेलिसियानो लोपेज को पीछे छोड़ दिया। वह अब तक रिकॉर्ड 24 ग्रैंडस्लैम खिताब जीत चुके हैं।

कार्लोस अलकराज के चोट के कारण बाहर होने से जोकोविक के लिए ड्रॉ भी कुछ आसान हुआ है। अब उनकी संभावित भिड़ंत दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी जानिक सिनर से केवल फाइनल में ही हो सकती है। पुरुष सिंगल्स के अन्य मुकाबले में आठवीं वरीयता प्राप्त एलेक्स डी मिनाउर ने टोबी सैमुअल को सीधे सेटों में 6-4, 6-4, 6-2 से मात दी।

निशेष ने फ्रिट्ज को हराकर किया बड़ा उलटफेर

भारतीय मूल के अमेरिकी खिलाड़ी निशेष बसवरेड्डी ने फ्रेंच ओपन में पहला बड़ा उलटफेर करते हुए पहले दौर में सातवीं वरीयता प्राप्त अमेरिका के खिलाड़ी टेलर फ्रिट्ज को हराया। वाइल्डकार्ड से प्रवेश पाने वाले निशेष ने रविवार रात खेले गए दो घंटे 45 मिनट के कड़े मुकाबले में विश्व नंबर नौ फ्रिट्ज को 7-6(5), 7-6(5), 6-7(9), 6-1 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।

21 वर्षीय बसवरेड्डी के माता-पिता 1999 में आंध्र प्रदेश के नेल्लोर से अमेरिका चले गए थे। वह साल 2000 के बाद इस ग्रैंडस्लैम में शीर्ष 10 रैंकिंग वाले खिलाड़ी को हराने वाले अमेरिका के पहले पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले 2000 में यान-माइकल गैम्बिल ने तत्कालीन विश्व नंबर आठ निकोलस कीफर को शिकस्त दी थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने इस मुकाबले में शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाते हुए ड्रॉप शॉट्स और बैकहैंड का भरपूर इस्तेमाल किया और अपने करियर में शीर्ष 10 रैंकिंग में शामिल खिलाड़ी पर पहली जीत दर्ज की। फ्रिट्ज के विरुद्ध कोर्ट पर उतरने से पहले बसवरेड्डी ने इस सत्र में टूर स्तर के सिर्फ पांच मैच खेले थे। दूसरे दौर में उनका सामना एक और युवा अमेरिकी खिलाड़ी एलेक्स मिशेलसन से होगा।

स्वियातेक ने एकतरफा मुकाबले में दर्ज की आसान जीत

महिला सिंगल्स में चार बार की चैंपियन इगा स्वियातेक ने फ्रेंच ओपन में पदार्पण कर रही ऑस्ट्रेलिया की किशोर खिलाड़ी इमरसन जोंस को पहले दौर के एकतरफा मुकाबले में 6-1, 6-2 से शिकस्त दी। पेरिस की उमस भरी गर्मी में लगभग खाली पड़े स्टेडियम में स्वियातेक ने विश्व रैंकिंग में 136वें पायदान पर काबिज 17 वर्षीय खिलाड़ी को कोई मौका नहीं दिया। उन्होंने 32 डिग्री सेल्सियस तापमान में तेजी से मैच खत्म कर अपनी फिटनेस और अनुभव का परिचय दिया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विश्व नंबर तीन इगा स्वियातेक को मुकाबले के दौरान केवल एक समस्या का सामना करना पड़ा, जब पहले सेट के बाद दाहिने हाथ की मध्यमा अंगुली में छाले के कारण उन्हें मेडिकल सहायता लेनी पड़ी और दोबारा टेप लगवाना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने मैच में पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा। ग्रैंडस्लैम के पहले दौर में यह उनकी पिछले 29 मुकाबलों में 28वीं जीत रही। महिला सिंगल्स में पिछले साल की उपविजेता जैस्मिन पाओलिनी ने भी जीत दर्ज की। उन्होंने दयाना यास्त्रेम्स्का को 7-5, 6-3 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here