नई दिल्ली: मेक्सिको ने ईरान की फुटबॉल टीम को फीफा विश्व कप 2026 के दौरान अपने देश में ठहरने की अनुमति दे दी है। मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबॉम ने स्पष्ट कहा कि उनकी सरकार को ईरानी टीम के वहां रहने से कोई आपत्ति नहीं है। इससे पहले अमेरिका ने टूर्नामेंट के दौरान ईरानी टीम को अपने देश में ठहराने से इनकार कर दिया था। अमेरिका और इजरायल के साथ फरवरी से ईरान का तनाव और संघर्ष लगातार जारी है। इसे रोकने के लिए कई स्तर पर प्रयास किए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है।
मैच खेलने अमेरिका जाएगी ईरान फुटबॉल टीम
ईरान को शेड्यूल के अनुसार अपने ग्रुप राउंड के मुकाबले अमेरिका में खेलने हैं। टीम तय शेड्यूल के हिसाब से ही खेलेगी। वह मैच डे के दिन ही अमेरिका जाएगी और उसी दिन मैक्सिको वापस लौट आएगी। उसका बेस कैंप मेक्सिको के तिजुआना में बनाया गया है, जो कैलिफोर्निया के ठीक दक्षिण में स्थित है। ईरान फुटबॉल महासंघ ने हाल ही में इस बदलाव की घोषणा की थी। फीफा भी इसकी पुष्टि कर चुका है।
राष्ट्रपति शिनबॉम ने मीडिया को बताया कि फीफा ने उनकी सरकार से संपर्क कर पूछा था कि क्या ईरानी टीम मेक्सिको में रुक सकती है, क्योंकि अमेरिका उन्हें रातभर ठहराने के पक्ष में नहीं था। उन्होंने कहा- अमेरिका ईरान की फुटबॉल टीम को अपने यहां रुकने की अनुमति नहीं देना चाहता था। इसके बाद फीफा ने हमसे पूछा कि क्या वे मेक्सिको में ठहर सकते हैं और हमने तुरंत हामी भर दी।
15 जून से शुरू होगा ईरान का विश्व कप अभियान
11 जून से फीफा विश्व कप 2026 का आगाज होने जा रहा है, जबकि खिताबी मुकाबला 19 जुलाई को खेला जाएगा। इस बार टूर्नामेंट की मेजबानी अमेरिका के साथ-साथ मेक्सिको और कनाडा भी कर रहे हैं। ईरान की टीम ग्रुप-जी में शामिल है, जहां उसका सामना बेल्जियम, मिस्त्र और न्यूजीलैंड से होगा। ईरान अपना पहला मुकाबला 15 जून को न्यूजीलैंड के खिलाफ इंगलवुड के सोफी स्टेडियम में खेलेगा। इसी मैदान पर 21 जून को टीम बेल्जियम से भिड़ेगी। इसके बाद सिएटल के ल्यूमेन फील्ड में ईरान का अंतिम ग्रुप मुकाबला मिस्त्र के खिलाफ होगा। मेक्सिको के तिजुआना से इंगलवुड की दूरी करीब 225 किलोमीटर है, जबकि सिएटल लगभग 2000 किलोमीटर दूर स्थित है।


