नई दिल्ली: प्रसिद्ध अभिनेता धर्मेंद्र के इस हफ्ते की शुरुआत में निधन के बाद न केवल फिल्म इंडस्ट्री बल्कि पूरे देश से उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से लेकर क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली तक ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही पूर्व एथलीट और सांसद पीटी उषा ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए धर्मेंद्र को याद किया और उनके बारे में एक रोचक खुलासा साझा किया।
धर्मेंद्र ने ‘उड़न परी’ को 1986 में 50 हजार रुपये भेजे थे। तब पीटी उषा ने एशियन गेम्स में चार गोल्ड और एक सिल्वर अपने नाम किया था। सेबी के इन्फ्लेशन कैलकुलेटर के अनुसार 1986 के 50 हजार रुपये आज के समय में लगभग 4 लाख 26 हजार रुपये के करीब होते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पीटी उषा ने यह भी बताया कि वह धर्मेंद्र से नहीं मिल पाईं और इसके लिए उन्होंने अफसोस जताया।
पीटी उषा का धर्मेंद्र पर बयान
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पीटी उषा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि 1986 के एशियन गेम्स में 4 गोल्ड और 1 सिल्वर जीतने के बाद धर्मेंद्र जी ने उन्हें उनकी उपलब्धियों के लिए 50,000 रुपये इनाम के रूप में भेजे थे। उन्होंने बताया कि व्यस्तताओं के कारण वे व्यक्तिगत रूप से नहीं मिल पाए, लेकिन कभी-कभी प्यार और अपनापन हजारों मील की दूरी पर भी दिलों को जोड़ने के लिए काफी होता है।
89 वर्ष की आयु में दुनिया से विदाई
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हिंदी सिनेमा के चर्चित और लोकप्रिय अभिनेता धर्मेंद्र का 24 नवंबर, सोमवार को निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। बॉलीवुड में “ही-मैन” के नाम से मशहूर धर्मेंद्र का फिल्मी करियर छह दशकों से अधिक लंबा रहा। इस दौरान उन्होंने 250 से अधिक फिल्मों में काम किया, जिनमें अलग-अलग जॉनर शामिल थे। उनकी सबसे प्रसिद्ध फिल्मों में शोले (1975), यादों की बारात (1973), सत्यकाम (1969) और सीता और गीता (1972) शामिल हैं।

