4 ओवर, 9 रन और 3 विकेट… भुवनेश्वर के ड्रीम डेब्यू पर भारी पड़ी पाकिस्तान की जीत

0

नई दिल्ली : 36 साल की उम्र को आमतौर पर क्रिकेटरों के ढलते करियर की ओर बढ़ने का संकेत माना जाता है। खासकर तेज गेंदबाजों के लिए 37-38 साल की उम्र तक संन्यास लेना कोई असामान्य बात नहीं है। ऐसे में भारतीय स्टार तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने 36 साल 243 दिन की उम्र में टीम इंडिया में वापसी कर खास ध्यान खींचा है। भुवनेश्वर ने अपना आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला 22 नवंबर 2022 को खेला था। इसके करीब 4 साल बाद 6 अक्टूबर 2026 को उनका एक बार फिर भारतीय टीम में चयन हुआ है। भुवनेश्वर का इंटरनेशनल करियर शानदार रहा है और उन्होंने 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ अपने डेब्यू मुकाबले में ही गेंदबाजी से अपनी खास छाप छोड़ दी थी।

भुवनेश्वर कुमार 22 अक्टूबर से न्यूजीलैंड के दौरे पर कीवी टीम के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज में नजर आएंगे। एक तरफ चर्चा भुवी की वापसी की हो रही है। वहीं जानते हैं भुवनेश्वर के करियर के उस इंटरनेशनल डेब्यू मैच की जहां उन्होंने पाकिस्तानी बल्लेबाजों को खूब छकाया था। भुवी ने 25 दिसंबर 2012 को अपना इंटरनेशनल डेब्यू पाकिस्तान के खिलाफ टी20 फॉर्मेट से किया था। उस मुकाबले में ही उनकी स्विंग का जादू देख पाकिस्तानी बल्लेबाज हैरान हो गए थे।

4 ओवर, 9 रन, 3 विकेट… भुवनेश्वर कुमार ने डेब्यू में मचाया था कहर

भुवनेश्वर कुमार ने पाकिस्तान के खिलाफ अपने पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में 4 ओवर गेंदबाजी करते हुए 2.25 की इकॉनमी से सिर्फ 9 रन दिए थे और तीन विकेट उनके नाम दर्ज हुए थे। नासिर जमशेद और उमर अकमल का स्टंप उखाड़ने वाली उनकी स्विंग करती हुई गेंदें पहले मैच से ही चर्चा का विषय बनी थीं। फिर इसी सीरीज में पाकिस्तान के तत्कालीन कप्तान मोहम्मद हफीज का बोल्ड और भुवनेश्वर की अंदर आती इन स्विंगिंग डिलीवरी की खूब चर्चा हुई थी। भारतीय टीम के लिए भुवनेश्वर का डेब्यू व्यक्तिगत तौर पर यादगार था, लेकिन टीम इंडिया इस मैच में पाकिस्तान को मात नहीं दे पाई थी। पाकिस्तान की टीम ने यह मुकाबला 5 विकेट से जीत लिया था। इस मैच में क्या हुआ था वह विस्तार से जानते हैं:-

भारत के 7 बल्लेबाज दहाई से पहले लौटे पवेलियन, पाकिस्तान ने दर्ज की जीत

भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया भुवनेश्वर कुमार का यह डेब्यू बेंगलुरु में आयोजित हुआ था। पाकिस्तान की टीम का वह आखिरी भारत दौरा था। उसके बाद से दोनों टीमों के बीच द्विपक्षीय सीरीज भी नहीं खेली गई हैं। यह सीरीज का पहला मैच था और भारतीय टीम एमएस धोनी की कप्तानी में पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। गौतम गंभीर (43) ने सबसे ज्यादा रन बनाए थे। वहीं उनके साथी ओपनर अजिंक्य रहाणे ने भी 42 रनों की पारी खेली थी। 11वें ओवर में 77 रन पर भारत का पहला विकेट गिरा था। इसके बाद 20 ओवर तक भारतीय टीम ने 9 विकेट गंवा दिए और सिर्फ 133 रन ही बना पाई। विराट कोहली (9), युवराज सिंह (10) और रोहित शर्मा (2) समेत सभी प्रमुख बल्लेबाजों ने निराश किया था। सात खिलाड़ी तो दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए थे।

शुरुआती विकेट गंवाने के बाद हफीज-मलिक का धमाका, पाकिस्तान ने मारी बाजी

पाकिस्तान की इस मुकाबले में शुरुआत अच्छी नहीं थी और भुवनेश्वर कुमार की स्विंग के आगे टॉप ऑर्डर नतमस्तक हो गया था। 12 रन पर पाकिस्तान के प्रमुख तीन विकेट नाशिर जमशेद (2), अहमद शहजाद (5) और उमर अकमल (0) पवेलियन लौट गए थे। तीनों विकेट डेब्यूटेंट भुवनेश्वर कुमार ने झटके थे। मोहम्मद हफीज और शोएब मलिक ने इसके बाद पारी को संभाला और 106 रन की साझेदारी करते हुए मैच भारत की पकड़ से दूर कर दिया था। कप्तान हफीज ने 61 और मलिक ने नाबाद 57 रन बनाए थे। इस तरह पाकिस्तान ने 134 रन का लक्ष्य 19.4 ओवर में 5 विकेट खोकर ही हासिल कर लिया था। मैच भारत जरूर हारा था लेकिन दिन डेब्यूटेंट 21 साल के भुवनेश्वर कुमार ने जीता था।

भुवनेश्वर की इंटरनेशनल वापसी से पहले जानें आखिरी मैच का हाल

भुवनेश्वर कुमार ने अपना आखिरी यानी पिछला इंटरनेशनल मैच भी न्यूजीलैंड की सरजमीं पर कीवी टीम के खिलाफ ही खेला था। वह नीली जर्सी में आखिरी बार 22 नवंबर 2022 को नेपियर में नजर आए थे। यह मुकाबला बारिश से प्रभावित था और टाई रहा था। भुवनेश्वर कुमार ने उस मैच में 4 ओवर में 35 रन दिए थे और एक भी विकेट नहीं ले पाए थे। उस दौरान भुवी का प्रदर्शन लगातार सवालों के घेरे में था।

अब चार साल बाद भुवनेश्वर कुमार वापसी के लिए तैयार हैं। आईपीएल 2026 में 16 मैचों में 28 विकेट लेते हुए आरसीबी को दूसरी बार चैंपियन बनाने में उनका खास योगदान रहा था। उसके बाद से ही उनको लगातार टीम इंडिया में लाने की चर्चा थी। अब चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर की छुट्टी के बाद भुवी की वापसी हो चुकी है। अब आगामी न्यूजीलैंड टी20 सीरीज में सभी की नजरें उनके ऊपर होंगी।

भुवनेश्वर कुमार के करियर रिकॉर्ड पर एक नजर (गेंदबाजी)
प्रारूप मैच पारी गेंदें रन विकेट सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन मैच का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन औसत इकॉनमी स्ट्राइक रेट 4 विकेट 5 विकेट 10 विकेट
Test 21 37 3,348 1,644 63 6/82 8/96 26.09 2.94 53.1 3 4 0
ODI 121 120 5,847 4,951 141 5/42 5/42 35.11 5.08 41.4 4 1 0
T20I 87 86 1,791 2,079 90 5/4 5/4 23.10 6.96 19.9 3 2 0
T20s 332 331 7,203 8,866 363 5/4 5/4 24.42 7.38 19.8 6 5 0
IPLS 206 206 4,600 5,913 226 5/19 5/19 26.16 7.71 20.3 3 2 0

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here