नई दिल्ली : भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का निर्णायक मुकाबला शनिवार को बेंगलुरु में खेला जाएगा। सीरीज फिलहाल 2-2 से बराबर है, ऐसे में दोनों टीमों की नजरें आखिरी मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करने पर होंगी। वेस्टइंडीज ने अब तक शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को कड़ी चुनौती दी है और उसके पास भी सीरीज जीतने का सुनहरा मौका है। वहीं, भारतीय टीम अपने घरेलू मैदान पर सीरीज गंवाने से बचना चाहेगी। ऐसे में दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबले में रोमांचक टक्कर देखने को मिल सकती है।
भारत को आखिरी मैच जीतने के लिए किस तरह की प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान पर उतरना चाहिए इसके बारे में टीम इंडिया के पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर ने जियो हॉटस्टार पर बताया। अभिषेक ने कहा कि क्या आप वैभव सूर्यवंशी को खिलाने जा रहे हैं और अगर ऐसा होता है कि मैं उन्हें उनकी सबसे मजबूत पोजिशन पर खेलते देखना चाहूंगा जो कि ओपनिंग है। मैं वैभव को बेंगलुरु में खेलते देखना चाहता हूं, लेकिन फिर भी मैं टीम की गेंदबाजी में बदलाव करूंगा पर बल्लेबाजी में बिल्कुल भी नहीं।
अभिषेक नायर की प्लेइंग 11 में कुलदीप यादव की एंट्री
अभिषेक ने आगे कहा कि मैं इस मैच में एक दांव खेलूंगा और कुलदीप यादव को नमन धीर की जगह ला सकता हूं साथ ही बल्लेबाजी क्रम में नितीश कुमार रेड्डी को एक स्थान ऊपर भेज सकता हूं और उनके बाद अक्षर पटेल को रख सकता हूं। मुझे लगता है कि जब अक्षर पटेल को फ्लोटर के तौर पर ऊपर भेजा जाता है तो उन्होंने भारतीय टीम के लिए यह भूमिका बहुत अच्छे से निभाई है। इसके बाद 4 खिलाड़ी अटैकिंग विकल्प होंगे। हालांकि अर्शदीप सिंह खेलेंगे या नहीं यह उनके फिटनेस पर निर्भर करेगा। मैं ये देखने के लिए उत्सुक हूं कि आगे क्या होता है।
5वें टी20 मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन (अभिषेक नायर द्वारा चुनी हुई)
संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, इशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, मयंक यादव।


