नई दिल्ली : दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 के 21वें मुकाबले में सोमवार, 10 अगस्त को पुरानी दिल्ली 6 का सामना आउटर दिल्ली वॉरियर्स से हुआ। इस मुकाबले में पुरानी दिल्ली के कप्तान और आईपीएल चैंपियन आरसीबी के पूर्व खिलाड़ी अनुज रावत ने बल्ले से तूफान मचा दिया। उन्होंने महज 38 गेंदों में 92 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। उनकी इस विस्फोटक पारी की बदौलत पुरानी दिल्ली 6 ने मुकाबला अपने नाम किया और टूर्नामेंट में अपनी तीसरी जीत दर्ज की।
इस मुकाबले में पहले खेलते हुए आउटर दिल्ली वॉरियर्स 19.1 ओवर में सिर्फ 165 रन बनाकर सिमट गई थी। ओपनर प्रियांश आर्या ने शुरुआत तेज दिलाई थी। उन्होंने 19 गेंद पर 46 रन की पारी खेली थी जिसमें चार चौके और चार छक्के शामिल थे। हालांकि, वह अपना अर्धशतक बनाने से चूक गए। वहीं उनके अलावा अक्षय सैनी ने 49 रन बनाए और वह भी अर्धशतक से चूके।
166 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुरानी दिल्ली 6 ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 15.2 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान अनुज रावत ने महज 38 गेंदों में 92 रन की विस्फोटक पारी खेली और टीम की जीत की नींव रखी। उनके अलावा सलामी बल्लेबाज आर्यन गौड़ ने 40 गेंदों में 57 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। इस जीत के साथ पुरानी दिल्ली 6 ने टूर्नामेंट में अपने छठे मैच में तीसरी जीत दर्ज की।
जीत के बाद पुरानी दिल्ली की छलांग, अंकतालिका में दूसरे स्थान पर
मुकाबले के बाद अंकतालिका में पुरानी दिल्ली 6 की टीम दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। सेंट्रल दिल्ली किंग्स 6 में से 5 मैच जीतकर 10 अंकों के साथ शीर्ष पर बनी हुई है। वहीं वेस्ट दिल्ली लायंस तीसरे और आउटर दिल्ली वॉरियर्स चौथे पायदान पर हैं। पुरानी दिल्ली, वेस्ट दिल्ली और आउटर दिल्ली—तीनों टीमों के खाते में 7-7 अंक हैं। दूसरी ओर, ईस्ट दिल्ली राइडर्स का अभी तक जीत का खाता नहीं खुला है और चार हार तथा एक बेनतीजा मैच के बाद टीम अंकतालिका में सबसे निचले स्थान पर है।


