नई दिल्ली : टीम इंडिया के स्टार टेस्ट सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने अपने छोटे से टेस्ट करियर में ही एक अनोखी पहचान बना ली है। उन्होंने भारत के लिए अब तक 29 टेस्ट मैच खेले हैं और 54 पारियों में 48.75 की औसत से 2535 रन बनाए हैं। खास बात यह है कि उनके करियर के सभी 29 टेस्ट मैच अलग-अलग मैदानों पर खेले गए हैं। अब श्रीलंका के खिलाफ आगामी सीरीज में यह अनोखा सिलसिला भी जारी रहने वाला है। यशस्वी अपने करियर का 30वां टेस्ट मैच 30वें अलग वेन्यू पर खेलने उतरेंगे, जिससे उनका यह रिकॉर्ड और भी खास हो जाएगा।
यशस्वी ने इससे पहले साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज का दौरा टीम इंडिया के लिए किया है। अब पहली बार वह श्रीलंका के दौरे पर टेस्ट मैच खेलते नजर आएंगे। यशस्वी के सामने यहां नया टेस्ट होगा स्पिन का। इससे पहले पेस गेंदबाजों का टेस्ट उन्होंने बखूबी पास किया है। अब यशस्वी पर नजरें होंगी कि वह श्रीलंका के स्पिन ट्रैक पर किस रणनीति के साथ उतरते हैं।
यशस्वी जायसवाल ने भारत के लिए अब तक 29 टेस्ट मैचों में 7 शतक और 13 अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 214 रन है। उनके सात शतकों में से चार विदेशी धरती पर आए हैं, जिनमें दो इंग्लैंड, एक ऑस्ट्रेलिया और एक वेस्टइंडीज में लगाया गया। अब श्रीलंका के खिलाफ होने वाले टेस्ट में यशस्वी अपने करियर के 30वें अलग वेन्यू पर उतरने वाले हैं। ऐसे में उनके अब तक खेले गए सभी 29 टेस्ट मैचों के अलग-अलग वेन्यू की पूरी सूची पर नजर डालना भी दिलचस्प होगा।
यशस्वी जायसवाल के सभी टेस्ट मैचों के अलग-अलग वेन्यू
| पहली पारी | दूसरी पारी | मैच में कुल रन | कैच | विपक्षी टीम | मैदान | मैच शुरू होने की तारीख |
|---|---|---|---|---|---|---|
| 171 | – | 171 | 1 | वेस्टइंडीज | रोसेउ | 12 जुलाई 2023 |
| 57 | 38 | 95 | 0 | वेस्टइंडीज | पोर्ट ऑफ स्पेन | 20 जुलाई 2023 |
| 17 | 5 | 22 | 1 | दक्षिण अफ्रीका | सेंचुरियन | 26 दिसंबर 2023 |
| 0 | 28 | 28 | 4 | दक्षिण अफ्रीका | केप टाउन | 3 जनवरी 2024 |
| 80 | 15 | 95 | 0 | इंग्लैंड | हैदराबाद | 25 जनवरी 2024 |
| 209 | 17 | 226 | 0 | इंग्लैंड | विशाखापत्तनम | 2 फरवरी 2024 |
| 10 | 214* | 224 | 2 | इंग्लैंड | राजकोट | 15 फरवरी 2024 |
| 73 | 37 | 110 | 0 | इंग्लैंड | रांची | 23 फरवरी 2024 |
| 57 | – | 57 | 1 | इंग्लैंड | धर्मशाला | 7 मार्च 2024 |
| 56 | 10 | 66 | 2 | बांग्लादेश | चेन्नई | 19 सितंबर 2024 |
| 72 | 51 | 123 | 2 | बांग्लादेश | कानपुर | 27 सितंबर 2024 |
| 13 | 35 | 48 | 1 | न्यूजीलैंड | बेंगलुरु | 16 अक्टूबर 2024 |
| 30 | 77 | 107 | 1 | न्यूजीलैंड | पुणे | 24 अक्टूबर 2024 |
| 30 | 5 | 35 | 0 | न्यूजीलैंड | वानखेड़े | 1 नवंबर 2024 |
| 0 | 161 | 161 | 0 | ऑस्ट्रेलिया | पर्थ | 22 नवंबर 2024 |
| 0 | 24 | 24 | 1 | ऑस्ट्रेलिया | एडिलेड | 6 दिसंबर 2024 |
| 4 | 4* | 8 | 0 | ऑस्ट्रेलिया | ब्रिस्बेन | 14 दिसंबर 2024 |
| 82 | 84 | 166 | 0 | ऑस्ट्रेलिया | मेलबर्न | 26 दिसंबर 2024 |
| 10 | 22 | 32 | 4 | ऑस्ट्रेलिया | सिडनी | 3 जनवरी 2025 |
| 101 | 4 | 105 | 0 | इंग्लैंड | लीड्स | 20 जून 2025 |
| 87 | 28 | 115 | 0 | इंग्लैंड | बर्मिंघम | 2 जुलाई 2025 |
| 13 | 0 | 13 | 1 | इंग्लैंड | लॉर्ड्स | 10 जुलाई 2025 |
| 58 | 0 | 58 | 0 | इंग्लैंड | मैनचेस्टर | 23 जुलाई 2025 |
| 2 | 118 | 120 | 0 | इंग्लैंड | द ओवल | 31 जुलाई 2025 |
| 36 | – | 36 | 1 | वेस्टइंडीज | अहमदाबाद | 2 अक्टूबर 2025 |
| 175 | 8 | 183 | 0 | वेस्टइंडीज | दिल्ली | 10 अक्टूबर 2025 |
| 12 | 0 | 12 | 0 | दक्षिण अफ्रीका | ईडन गार्डन्स | 14 नवंबर 2025 |
| 58 | 13 | 71 | 3 | दक्षिण अफ्रीका | गुवाहाटी | 22 नवंबर 2025 |
| 24 | – | 24 | 0 | अफगानिस्तान | न्यू चंडीगढ़ | 6 जून 2026 |
यशस्वी जायसवाल का किस देश में कैसा रिकॉर्ड?
| देश | मैच | पारी | नाबाद | रन | सर्वोच्च स्कोर | Avg | गेंदें | SR | 100 | 50 | 0s | 4s | 6s |
|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|
| ऑस्ट्रेलिया | 5 | 10 | 1 | 391 | 161 | 43.44 | 732 | 53.41 | 1 | 2 | 2 | 44 | 4 |
| इंग्लैंड | 5 | 10 | 0 | 411 | 118 | 41.10 | 598 | 68.72 | 2 | 2 | 2 | 63 | 4 |
| भारत | 15 | 27 | 1 | 1417 | 214* | 54.50 | 1929 | 73.45 | 3 | 8 | 1 | 170 | 34 |
| दक्षिण अफ्रीका | 2 | 4 | 0 | 50 | 28 | 12.50 | 85 | 58.82 | 0 | 0 | 1 | 11 | 0 |
| वेस्टइंडीज | 2 | 3 | 0 | 266 | 171 | 88.66 | 491 | 54.17 | 1 | 1 | 0 | 29 | 3 |
यशस्वी जायसवाल ने पिछले कई विदेशी दौरों पर भारतीय टीम के शीर्ष क्रम को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई है। ऐसे में आगामी श्रीलंका दौरे पर भी टीम इंडिया को उनसे काफी उम्मीदें होंगी। सीरीज से पहले श्रीलंका क्रिकेट-11 के खिलाफ खेले गए अभ्यास मैच में यशस्वी पहली पारी में खाता नहीं खोल सके थे, लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों पर 61 रन बनाए और रिटायर हो गए। उनकी इस तेजतर्रार पारी ने भारत को लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करने में महत्वपूर्ण मदद की।


