एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्यप्रदेश खेल एवं युवा कल्याण विभाग की टैलेंट सर्च 2026-27 योजना के तहत शुक्रवार को टी.टी. नगर स्टेडियम में आयोजित बैडमिंटन और टेनिस डे-बोर्डिंग चयन ट्रायल्स में प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। दोनों खेलों में कुल 93 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बैडमिंटन ट्रायल्स में 75 खिलाड़ी शामिल हुए, जिनमें 50 बालक और 25 बालिकाएं थीं। वहीं टेनिस ट्रायल्स में 18 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें 12 बालक और 6 बालिकाएं शामिल रहीं।

सुबह से ही टी.टी. नगर स्टेडियम खिलाड़ियों की ऊर्जा और प्रतिस्पर्धी माहौल से गुलजार रहा। बैडमिंटन चयन के दौरान विशेषज्ञ चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों के फुटवर्क, तकनीक, गति, फिटनेस, खेल की समझ और मैच परिस्थितियों में प्रदर्शन का बारीकी से मूल्यांकन किया। वहीं टेनिस ट्रायल्स में तकनीकी कौशल के साथ खिलाड़ियों की शारीरिक दक्षता की भी जांच की गई।
विभाग के अनुसार चयनित खिलाड़ियों को बैडमिंटन और टेनिस डे-बोर्डिंग योजनाओं से जोड़ा जाएगा, जहां उन्हें अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं, वैज्ञानिक फिटनेस कार्यक्रम और प्रतियोगी माहौल उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार हो सकें।
जो खिलाड़ी शुक्रवार को ट्रायल्स में शामिल नहीं हो सके, उनके लिए 18 जुलाई को भी चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इच्छुक खिलाड़ी दोपहर 1 बजे से पंजीयन करा सकेंगे, जबकि चयन ट्रायल्स दोपहर 3 बजे से शुरू होंगे। खेल एवं युवा कल्याण विभाग का कहना है कि टैलेंट सर्च 2026-27 अभियान का उद्देश्य प्रदेश की नई खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि भविष्य में वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का नाम रोशन कर सकें।


