नई दिल्ली. 2018 अंडर-19 विश्व कप फाइनल में शतकीय पारी खेलकर भारत को खिताब दिलाने वाले पूर्व क्रिकेटर मनजोत कालरा को श्रीलंका में गिरफ्तार किया गया है। उन पर लंका प्रीमियर लीग (LPL) के दौरान एक खिलाड़ी को रिश्वत देने का आरोप है। कालरा एलपीएल फ्रेंचाइजी जाफना किंग्स के सह-मालिक हैं। पुलिस ने उन्हें टूर्नामेंट के छठे सीजन की शुरुआत से कुछ घंटे पहले हिरासत में लिया। 27 वर्षीय कालरा को खेल से जुड़े अपराधों की जांच करने वाली श्रीलंका पुलिस की विशेष जांच इकाई ने गिरफ्तार किया। बाद में उन्हें मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां अदालत ने 31 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस मामले में उनके सहयोगी युवराज पुष्पा को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, कालरा पर एलपीएल से जुड़े एक खिलाड़ी को पैसों का प्रलोभन देकर प्रभावित करने का आरोप है। जांच एजेंसियों ने बताया कि संबंधित खिलाड़ी ने करीब 10 दिन पहले हुई कथित पेशकश की शिकायत अधिकारियों से की थी। अदालत में बताया गया कि इस मामले की शिकायत भानुका राजपक्षे, अविष्का फर्नांडो, दुनिथ वेलालागे समेत पांच खिलाड़ियों ने दर्ज कराई है। गिरफ्तारी ऐसे समय हुई जब कोलंबो के एसएससी ग्राउंड पर जाफना किंग्स और गाले गैलेंट्स के बीच एलपीएल 2026 का उद्घाटन मुकाबला खेला जाना था। श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि टूर्नामेंट तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा।
2018 अंडर-19 विश्व कप फाइनल के हीरो रहे थे कालरा
मनजोत कालरा ने 2018 अंडर-19 विश्व कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 101 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी। भारत ने 217 रन का लक्ष्य हासिल कर चौथी बार अंडर-19 विश्व कप जीता था। उस टीम के कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान पृथ्वी शॉ थे, जबकि शुभमन गिल, शिवम मावी, कमलेश नागरकोटी और इशान पोरेल भी टीम का हिस्सा थे। अंडर-19 विश्व कप के बाद कालरा को आईपीएल 2018 में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) ने अपनी टीम में शामिल किया था। हालांकि उन्हें आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में ज्यादा अवसर नहीं मिल सके।


