नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2024 के सुपर-8 का आखिरी मैच जीतकर अफगानिस्तान ने इतिहास रच दिया। बांग्लादेश को हराकर राशिद खान की अगुआई वाली टीम पहली बार किसी आईसीसी टूर्नामेंट के नॉकआउट स्टेज में पहुंची। ग्रुप-1 से भारत और अफगानिस्तान ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश का सफर समाप्त हो गया। ऑस्ट्रेलिया का सफर समाप्त होने के साथ-साथ दिग्गज ओपनर डेविड वॉर्नर का इंटरनेशनल करियर समाप्त हो गया।
वॉर्नर ने काफी समय पहले यह घोषणा कर दी थी कि टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद वह इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। वॉर्नर दो बार के वर्ल्ड चैंपियन के तौर पर पहले ही वनडे से संन्यास ले चुके हैं और इस साल जनवरी में उन्होंने टेस्ट को अलविदा कह दिया था। हालांकि, उन्होंने जरूरत पड़ने पर चैंपियंस ट्रॉफी के लिए वनडे टीम में वापसी का दरवाजा खुला रखा है, लेकिन ऐसा होने की संभावना काफी कम है। तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड के बयान से कम से कम ऐसा ही लगता है।
वॉर्नर के इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने को लेकर जोश हेजलवुड ने भारत के खिलाफ मैच के बाद कहा, ” मुझे लगता है कि हमें उनके बगैर खेलने का थोड़ा अनुभव हो गया है। टेस्ट के बाद वनडे क्रिकेट और अब टी20 के साथ धीरे-धीरे वो दूर हो गए। हम न्यूजीलैंड में उनके बगैर खेले। इतने लंबे समय से खेल रहे खिलाड़ी का न होना खलता है। लेकिन हम आगे बढ़ेंगे और जोर लगाएंगे।”
दो बार वनडे वर्ल्ड कप जीतने के बाद डेविड वॉर्नर उस ऑस्ट्रेलियाई टीम का भी हिस्सा रहे, जिसने 2021 में टी20 वर्ल्ड कप जीता। इसके अलावा वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 जीतने वाली टीम का भी हिस्सा रहे। 37 साल के इस खिलाड़ी ने 49 शतक की मदद से इंटरनेशनल क्रिकेट में 19 हजार रन बनाए हैं।


