IND vs ENG: ध्रुव जुरेल को ज्यादा स्ट्राइक मिली होती तो मैच का परिणाम कुछ और हो सकता था

0

नई दिल्ली: इंग्लैंड ने भारत को तीसरे टी20 में हराकर सीरीज जीतने की अपनी उम्मीदें कायम रखी है। बीते दो मैच में भारत का प्रदर्शन अच्छा रहा लेकिन मंगलवार को इंग्लैंड ने बाजी मारी। ऐसा नहीं था कि भारत मैच में जीत की स्थिति में नहीं था। हालांकि वह अपने मौकों को भुना नहीं पाए। भारत के पूर्व बल्लेबाज अंबाती रायुडू ने कहा कि अगर आखिरी ओवर्स में ध्रुव जुरेल को ज्यादा स्ट्राइक मिली होती तो मैच का परिणाम कुछ और हो सकता था।

रायुडू के मुताबिक भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को आखिरी समय में ध्रुव जुरेल पर थोड़ा भरोसा दिखाना चाहिए था। जुरेल अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और वह मैच का रुख मोड़ सकते थे। हालांकि पंड्या ने स्ट्राइक अपने पास रखने की कोशिश की जिससे टीम को नुकसान हुआ।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रायुडू ने कहा, ‘यह अच्छा प्रदर्शन था क्योंकि बल्लेबाजी इतनी आसान नहीं थी और दूसरे छोर से विकेट गिर रहे थे। इसलिए उन्होंने अपनी पारी को अच्छे से आगे बढ़ाया। हालांकि, जब फिनिश करने की आवश्यकता थी, तो हार्दिक पंड्या ध्रुव जुरेल पर थोड़ा विश्वास दिखा सकते थे।”

रायुडू ने आगे कहा, ‘अगर आखिरी ओवर में 25 रन की जरूरत होती तो भी हार्दिक उसे हिट करने की क्षमता रखते हैं। इसलिए मुझे लगता है कि अगर उन्होंने ध्रुव जुरेल पर थोड़ा और भरोसा दिखाया होता, तो खेल शायद करीबी होता। हालांकि, जिस तरह से उन्होंने अपनी पारी को आगे बढ़ाया वह बहुत उत्साहजनक था।”

रायुडू ने हार्दिक पंड्या की गेंदबाजी की तारीफ की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “वह एक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। हार्दिक पंड्या के लिए विकेट का कॉलम बहुत कम ही खाली रहता है। वह टी20 में नई गेंद से विकेट लेते हैं। उन्होंने अपने पहले ओवर में फिल साल्ट को आउट किया, जो एक अच्छे आक्रामक बल्लेबाज हैं। उन्होंने स्लॉग ओवरों में अच्छी गेंदबाजी की, मुझे लगता है कि यह हार्दिक पंड्या का बहुत अच्छा स्पैल था।’ पूर्व भारतीय बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने भी हार्दिक पंड्या पर स्ट्राइक रोटेट न करने का आरोप लगाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here