रामकृष्ण यदुवंशी की हैट्रिक से जीता दैनिक भास्कर, ललित ने खेली 33 रनों की पारी

0
– 30वां डिजिआना-आईईएस इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 2025, हमीदिया फाइनल में, गिल्ट फ्री से खिताबी भिड़ंत आज

भोपाल: रामकृष्ण यदुवंशी की हैट्रिक समेत चार विकेट की सटीक गेंदबाजी की मदद से दैनिक भास्कर ने 30वें आईईएस डिजिआना इंटरप्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 2025 में 60 रनों की आसान जीत दर्ज की है। दिन के दूसरे मैच में हमीदिया स्पोर्ट्स ने महाबलि वारियर्स को 150 रनों से हराकर कार्पोरेट ग्रुप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहां उसकी खिताबी भिड़ंत गुरुवार 30 जनवरी को गिल्ट फ्री से सुबह 9.00 बजे से होगी। इसके पश्चात पुरस्कार वितरण भोपाल के सांसद आलोक शर्मा करेंगे।

ओल्ड कैंपियन मैदान पर बुधवार को पहले मैच में भास्कर ने 18 ओवर के खेल में नौ विकेट पर 150 रन बनाए। इसमें प्रभात शुक्ला ने 34, निखिल शुक्ला ने 24 और रवि मिश्रा ने 19 रन बनाए। ललित कटारिया और मुकेश विश्वकर्मा ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में नवदुनिया टीम 16 ओवर में 90 रनों पर आउट हो गई। उसकी ओर से ललित कटारिया ने 33 और मुकेश विश्वकर्मा ने 24 रनों की पारी खेली। भास्कर की ओर से रामकृष्ण यदुवंशी ने 4 ओवर में 20 रन देकर चार विकेट लिए। विक्रम अहिरवार ने 2 ओवर में मात्र 6 रन देकर 3 विकेट लिए। रामकृष्ण यदुवंशी मान सरोवर मेन ऑफ द मैच और ललित कटारिया आरएनटीयू मोस्ट वेल्युएबल प्लेयर चुने गए। उन्हें खेल विभाग की असिस्टेंट डायरेक्टर वाणी साहू और शिप्रा श्रीवास्तव ने पुरस्कृत किया।

दूसरे मैच में हमीदिया स्पोर्ट्स ने 18 ओवर के खेल में 5 विकेट पर 232 रन बनाए। इसमें पीयूष राज सक्सेना ने 80, देवेंद्र नायक ने 73, अभिषेक गिरी ने 41 और हातम यादव ने 24 रन बनाए। पुष्पेंद्र चौहान ने 2 विकेट लिए। जवाब में महाबलि टीम मात्र 82 रनों पर ढेर हो गई। दीपक ने 40 रन बनाए। यश जांगीर, अंकित, दीपक मालवीय और रवि प्रकाश ने 2-2 विकेट लिए।

कार्पोरेट ग्रुप फाइनल आज

हमीदिया स्पोर्ट्स बनाम गिल्ट फ्री, सुबह 9.00 बजे से

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here