नई दिल्ली: आईपीएल 2025 के एक अहम मोड़ पर मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने ने टीम के आखिरी अभ्यास सत्र के दौरान एक भावुक भाषण दिया। हाल में मौजूद खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को संबोधित करते हुए जयवर्धने ने बीते सीजन में सभी के योगदान के लिए दिल से आभार जताया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “यह हमारा आखिरी गेम है यहां। हम यहां कई बार अभ्यास के लिए आए हैं। एक ऐसी टीम रही जिसने यहां बहुत मेहनत की है।” उन्होंने न सिर्फ खिलाड़ियों का बल्कि उन सभी लोगों का जिक्र किया जिन्होंने बैग्स संभालने से लेकर हर छोटे-बड़े काम में टीम की मदद की। इस दौरान मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी भी वहां खिलाड़ियों के हौसला अफजाई के मौजूद थीं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जयवर्धने ने आगे कहा, “मैं उन सभी से मिल नहीं पाया लेकिन यह जरूरी है कि हम उनकी मेहनत को याद रखें। चाहे देर रात की बात हो या सुबह जल्दी कोई काम हो वे हमेशा हमारे साथ रहे। धन्यवाद।” उन्होंने सभी सपोर्ट स्टाफ, खासकर शेफ्स और अन्य कर्मियों को भी स्टेज पर बुलाया और टीम के साथ मिलकर जोरदार अंदाज में नारा लगाया – “मुंबई इंडियंस! मुंबई इंडियंस! मुंबई इंडियंस!”
गौरतलब है कि मुंबई इंडियंस बुधवार 21 मई को दिल्ली कैपिटल्स को हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है वहीं दिल्ली को इस टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा है। अब एमआई के लीग का आखिरी मैच पंजाब किंग्स के साथ खेला जाना है।