नई दिल्ली : भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल समाप्त हो गया है। भारत ने स्टंप्स तक पहली पारी में तीन विकेट पर 359 रन बना लिए हैं। भारत की ओर से दिन का खेल समाप्त होने तक कप्तान शुभमन गिल 175 गेंदों पर 16 चौकों और एक छक्के की मदद से 127 रन और उपकप्तान ऋषभ पंत 102 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 65 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। भारत के लिए यह शानदार दिन रहा और यशस्वी जायसवाल तथा गिल ने शतक जड़े, जबकि पंत अर्धशतक लगाने में सफल रहे।
इससे पहले, इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर फील्डिंग चुनी। भारत के लिए यशस्वी और केएल राहुल ने पारी का आगाज किया और टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 91 रन जोड़े। इंग्लैंड को पहली सफलता ब्रायडन कार्स ने दिलाई जिन्होंने राहुल को अपना शिकार बनाया। राहुल 42 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद डेब्यू मैच खेल रहे साई सुदर्शन खाता खोले बिना आउट हुए। लंच ब्रेक के बाद शुभमन बल्लेबाजी के लिए उतरे। गिल और यशस्वी ने दूसरे सत्र में इंग्लैंड को कोई सफलता हासिल नहीं करने दी।
यशस्वी ने इंग्लैंड में अपने पहले मैच में शतक लगाया। गिल और यशस्वी के बीच साझेदारी को बेन स्टोक्स ने यशस्वी को आउट कर तोड़ा। यशस्वी 101 रन बनाकर तीसरे बल्लेबाज के रूप में पवेलियन लौटे। फिर क्रीज पर पंत उतरे और उन्होंने गिल के साथ मोर्चा संभाला। इन दोनों बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी की और दिन के खेल की समाप्ति तक इंग्लैंड को सफलता हासिल नहीं करने दी। गिल और पंत ने चौथे विकेट के लिए अब तक 138 रन जोड़ लिए हैं और इन दोनों की कोशिश दूसरे दिन भारत को और मजबूत स्थिति पर ले जाने की होगी। इंग्लैंड के लिए अब तक स्टोक्स को दो विकेट और कार्स को एक विकेट मिला है।
टी तक भारत का स्कोर था 215/2
यशस्वी जायसवाल और कप्तान शुभमन गिल की साझेदारी से पहले टेस्ट मैच के शुरुआती दिन का दूसरा सत्र पूरी तरह भारत के नाम रहा है। भारत ने लंच ब्रेक से ठीक पहले दो विकेट गंवाए थे और दूसरे सत्र में यशस्वी का साथ देने के लिए गिल उतरे थे। गिल और यशस्वी ने इस सत्र में इंग्लैंड को कोई सफलता हासिल नहीं करने दी जिससे भारत ने चायकाल तक दो विकेट पर 215 रन बनाए। यशस्वी ने इस दौरान अपना शतक पूरा किया, जबकि गिल ने अर्धशतक लगाया। यशस्वी और गिल के बीच तीसरे विकेट के लिए अब तक 123 रनों की साझेदारी हुई है। यशस्वी 100 और गिल 58 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
लंच ब्रेक तक भारत का स्कोर था 92/2
भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के पहले दिन लंच तक दो विकेट गंवा दिए हैं। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने भारतीय टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई थी और पहले विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी की थी। इस साझेदारी को ब्रायडन कार्स ने केएल को आउट कर तोड़ा। राहुल के आउट होने के बाद साई सुदर्शन क्रीज पर उतरे। सुदर्शन ने इस मैच से डेब्यू किया है, लेकिन पहली पारी में वह असफल रहे और खाता खोले बिना आउट हुए। भारत ने लंच ब्रेक तक दो विकेट पर 92 रन बनाए हैं। फिलहाल यशस्वी जायसवाल 74 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 42 रन बनाकर खेल रहे हैं। इंग्लैंड के लिए अब तक कार्स और स्टोक्स ने एक-एक सफलता हासिल की है।
काली पट्टी बांधकर उतरे खिलाड़ी
पिछले सप्ताह अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया विमान हादसे में मारे गए लोगों की श्रद्धांजलि देने के लिए भारत और इंग्लैंड के खिलाड़ी इस मैच में काली पट्टी बांधकर खेलने उतरे हैं। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बांह पर काली पट्टी बांधी हुई है। मैच शुरू होने से पहले राष्ट्रगान बजने से पूर्व इंग्लैंड और भारत के खिलाड़ियों ने शोक प्रकट करते हुए दो मिनट का मौन धारण रखा।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), करुण नायर, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
इंग्लैंड: जैक क्राउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, ब्राइडन कार्स, जोश टंग, शोएब बशीर।


