भोपाल. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इन दिनों स्पेन दौरे पर हैं, जहां उन्होंने देश की मशहूर फुटबॉल लीग LaLiga के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान LaLiga ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव और उनके प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की यह यात्रा ‘इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश’ कार्यक्रम के तहत हुई, जिसका मकसद प्रदेश में खेल और युवा विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करना है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने LaLiga के बिजनेस मैनेजिंग डायरेक्टर श्री जॉर्ज दे ला वेगा से मुलाकात की और फुटबॉल को लेकर आपसी सहयोग और साझेदारी के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। बातचीत में खास तौर पर युवाओं को प्रशिक्षण देने, फुटबॉल के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच देने पर फोकस किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा, हम चाहते हैं कि मध्यप्रदेश के युवा भी LaLiga जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच से जुड़ें और खेलों के जरिए अपना और प्रदेश का नाम रोशन करें।
LaLiga ने भरोसा दिलाया कि वह भारत, खासकर मध्यप्रदेश में फुटबॉल को बढ़ावा देने के लिए तकनीकी सहयोग, ट्रेनिंग प्रोग्राम और यंग टैलेंट्स के लिए अकैडमी मॉडल पर काम करेगा।
डॉ. यादव की यह पहल प्रदेश में खेल अधोसंरचना, फुटबॉल अकैडमियों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। इससे प्रदेश के युवाओं को खेलों के जरिए सशक्त और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा ।


