नई दिल्ली. पूर्व इंग्लिश कप्तान माइकल वॉन ने ICC पर तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड को धीमे ओवर रेट के लिए दी गई सजा को लेकर सवाल उठाए हैं। लॉर्ड्स में भारत के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड को दो ओवर कम डालने के चलते वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के दो अंक काटे गए और मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना भी लगाया गया।
वॉन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि दोनों टीमों का ओवर रेट खराब था, फिर सिर्फ इंग्लैंड को ही सजा क्यों दी गई? उन्होंने लिखा, “ईमानदारी से कहें तो लॉर्ड्स में दोनों टीमों का ओवर रेट बहुत ही खराब था। सिर्फ एक टीम को ही दंड देना मेरी समझ से बाहर है।”
WTC के नियमों के अनुसार, हर ओवर की देरी पर एक अंक की कटौती होती है। इंग्लैंड के दो अंक कटने के बाद उनकी अंक तालिका में स्थिति दूसरी से तीसरी पर आ गई है और अब उनका पॉइंट प्रतिशत 66.67% से घटकर 61.11% हो गया है। वहीं, श्रीलंका दूसरे स्थान पर पहुंच गया है और भारत चौथे पर है।
साथ ही, ICC आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत इंग्लैंड की टीम पर 10 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना भी लगाया गया। कप्तान बेन स्टोक्स ने सजा को बिना किसी आपत्ति के स्वीकार कर लिया, जिससे औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।
यह सजा मैच रेफरी रिची रिचर्डसन द्वारा दी गई थी, जो ऑन-फील्ड अंपायर्स पॉल रीफेल, शारफुद्दोला इब्ने शाहिद, थर्ड अंपायर अहसान रज़ा और फोर्थ अंपायर ग्राहम लॉयड की रिपोर्ट पर आधारित थी।
गौरतलब है कि पांच मैचों की इस टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड 2-1 से आगे है। चौथा टेस्ट 23 जुलाई से ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला जाएगा और पांचवां टेस्ट 31 जुलाई से 4 अगस्त तक द ओवल में होगा।


