बासेटेरे। ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में 6 विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। जीत के हीरो रहे बल्लेबाज़ टिम डेविड, जिन्होंने मात्र 37 गेंदों में नाबाद 102 रन ठोक डाले। यह ऑस्ट्रेलिया के लिए टी-20 में अब तक का सबसे तेज शतक है।
वेस्टइंडीज की पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज टीम ने शानदार शुरुआत की। शाई होप और ब्रैंडन किंग ने पहले विकेट के लिए 125 रन जोड़े। होप ने 57 गेंदों में नाबाद 102 रन बनाए, जो टी-20 में उनका पहला शतक है। वे क्रिस गेल के बाद सभी फॉर्मेट में शतक जड़ने वाले दूसरे वेस्टइंडीज बल्लेबाज बन गए हैं। ब्रैंडन किंग ने 36 गेंदों में 62 रन जोड़े। वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 214 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों में शॉन एबॉट सबसे किफायती रहे, उन्होंने 4 ओवर में केवल 21 रन दिए। नाथन एलिस को एक विकेट मिला, जबकि एडम जंपा और मैक्सवेल महंगे साबित हुए।
ऑस्ट्रेलिया की पारी
215 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत ठीक रही, लेकिन शुरुआती ओवरों में मिच मार्श, मैक्सवेल और इंग्लिस जल्दी आउट हो गए। 6 ओवर में स्कोर 65/3 था और ऑस्ट्रेलिया दबाव में थी। इसके बाद टिम डेविड और मिच ओवेन ने मोर्चा संभाला। डेविड ने एक ओवर में लगातार चार छक्के लगाकर मैच का रुख पलट दिया। उन्होंने ओवेन के साथ मिलकर शानदार शतकीय साझेदारी की और 16.1 ओवर में ही टीम को जीत दिला दी। डेविड 102* और ओवेन नाबाद लौटे।


