एशिया कप 2025: रिंकू सिंह की जगह पर संकट, श्रेयस अय्यर के चयन पर भी संशय, जानें वजह

0

नई दिल्ली : एशिया कप टी20 2025 के लिए भारतीय टीम का चयन मंगलवार (19 अगस्त) को किया जाएगा। इस मौके पर अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति कुछ सख्त फैसले लेने की तैयारी में है। टेस्ट कप्तान शुभमन गिल की टीम में मौजूदगी को लेकर लगातार चर्चा जारी है। वहीं रिंकू सिंह के लिए 15 सदस्यीय टीम का हिस्सा बनना आसान नहीं दिख रहा है। आईपीएल में प्रभावशाली प्रदर्शन के बावजूद श्रेयस अय्यर का चयन भी अनिश्चित माना जा रहा है।

रिंकू सिंह कुछ साल पहले उस समय सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने यश दयाल के एक ओवर में लगातार पांच छक्के जड़कर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को रोमांचक जीत दिलाई थी। इसके बाद उन्हें भारतीय टीम का एक भरोसेमंद फिनिशर माना जाने लगा। हालांकि हाल के दिनों में उनके प्रदर्शन में थोड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। खासकर टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए मुख्य टीम में जगह न मिलने और केवल स्टैंडबाय खिलाड़ी के तौर पर चुने जाने के बाद उनके करियर ग्राफ पर असर पड़ा है।

आईपीएल में रिंकू सिंह की चमक

आईपीएल 2024 में रिंकू सिंह को केवल 113 गेंदों का सामना करने का मौका मिला था, जबकि 2025 के सीजन में यह संख्या बढ़कर भी सिर्फ 134 गेंदों तक ही सीमित रही। इससे साफ झलकता है कि टीम में उनकी भूमिका बेहद सीमित रही। खास बात यह रही कि 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के मुख्य रणनीतिकार मौजूदा भारतीय कोच गौतम गंभीर थे। उस समय जिस तरह से रिंकू का इस्तेमाल किया गया, उसने यह संकेत दिया कि गंभीर की योजनाओं में अलीगढ़ के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज की अहमियत बहुत ज्यादा नहीं थी।

पांच सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल होंगे ये नाम

टीम इंडिया की बल्लेबाजी लाइन-अप में हर स्थान को लेकर कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। ऐसे में यह कहना आसान नहीं है कि रिंकू सिंह अगले साल भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए पक्की पसंद होंगे। फिलहाल अगर सिर्फ एशिया कप टी20 पर नजर डालें तो उनकी जगह कुछ हद तक असुरक्षित दिख रही है। वहीं, यदि सभी खिलाड़ी फिट और उपलब्ध रहते हैं तो शीर्ष पांच में अभिषेक शर्मा, विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन, तिलक वर्मा, कप्तान सूर्यकुमार यादव और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के चयन पर कोई शक नहीं है।

श्रेयस अय्यर की जगह कहां है

आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल अगर टीम में वापसी करते हैं, तो चयनकर्ताओं के सामने एक या दो स्थानों को लेकर मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस पर एक पूर्व राष्ट्रीय चयनकर्ता ने पीटीआई से कहा, ‘‘अक्सर लोग यह कहते हैं कि फलां खिलाड़ी को टीम में होना चाहिए, लेकिन कोई यह नहीं बताता कि उसे किसकी जगह शामिल किया जाए। उदाहरण के लिए, श्रेयस अय्यर ने 180 की स्ट्राइक रेट से 600 रन बनाए हैं, लेकिन वह शीर्ष चार में खेलते हैं। अब सवाल यह है कि उनके लिए जगह कहां बनेगी?’’

शिवम दुबे और जितेश शर्मा होंगे टीम के फिनिशर

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पूर्व राष्ट्रीय चयनकर्ता ने इस पर अपनी राय रखते हुए कहा कि अगर टीम के शीर्ष पांच बल्लेबाजों में बदलाव की गुंजाइश नहीं है, तो शुभमन गिल को जगह देना मुश्किल होगा, क्योंकि उन्हें शामिल करने का मतलब है कि किसी स्थापित खिलाड़ी को बाहर बैठाना पड़ेगा। चयनकर्ता ने साफ कहा कि ऐसे हालात में सबसे बड़ा संदेह रिंकू सिंह की जगह को लेकर है, क्योंकि टीम के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों को फिलहाल उनकी उतनी ज़रूरत नहीं है। वहीं, जायसवाल का मुद्दा तो अभी अलग ही है। अगर रिंकू को लेकर समझौता करना पड़ा, तब भी शिवम दुबे (क्योंकि नितीश रेड्डी के फिट होने की संभावना कम है) और जितेश शर्मा (दूसरे विकेटकीपर) टीम में मौजूद रहेंगे और दोनों ही खिलाड़ी फिनिशर की भूमिका बखूबी निभाने में सक्षम हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here