नई दिल्ली: कैरेबियन प्रीमियर लीग 2025 के 19वें मैच में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स का मुकाबला सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के साथ हुआ। इस मुकाबले में नाइट राइडर्स ने कीरोन पोलार्ड की 65 रन की धमाकेदार पारी और कप्तान निकोलस पूरन की 52 रन की तूफानी अर्धशतकीय पारी की मदद से टीम को मजबूत स्थिति में रखा। इसके अलावा, नाथरन एडवर्ड्स की शानदार गेंदबाजी के दम पर नाइट राइडर्स ने मुकाबला 12 रन से अपने नाम किया।
पोलार्ड ने 8 गेंदों में 7 छक्के जड़ते हुए 224 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए
इस मैच में कीरोन पोलार्ड ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सबको हैरान कर दिया और 38 साल की उम्र में विरोधी गेंदबाजों की रणनीतियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। उन्होंने 29 गेंदों में 8 छक्के और 2 चौकों की मदद से 65 रन बनाए, और उनका स्ट्राइक रेट इस दौरान 224.14 रहा। पोलार्ड ने केवल 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर इसे और भी खास बना दिया, जिससे उनकी बल्लेबाजी की ताकत और अनुभव दोनों देखने को मिले।
कीरोन पोलार्ड ने अपनी 65 रन की पारी में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 8 गेंदों का सामना कर 7 छक्के जड़े। यह कमाल उन्होंने मैच की पहली पारी के 15वें और 16वें ओवर में दिखाया। सेंट किट्स की ओर से 15वां ओवर नवियन बिदाईसी ने फेंका था। पोलार्ड ने इस ओवर की तीसरी, चौथी, पांचवीं और छठी गेंद खेली, जिसमें उन्होंने पांचवीं गेंद को छोड़कर तीसरी, चौथी और छठी गेंद पर जोरदार छक्के लगाकर विपक्षी गेंदबाजों को चौंका दिया।
इसके बाद कीरोन पोलार्ड ने 16वें ओवर की तीसरी, चौथी, पांचवीं और छठी गेंद का सामना किया, जिसे वकार सलामखेल ने फेंका था। पोलार्ड ने इस ओवर की सभी गेंदों पर छक्के जड़ते हुए अपना अर्धशतक भी पूरा किया। इस प्रकार उन्होंने केवल 8 गेंदों में 7 छक्के लगाने का अद्भुत रिकॉर्ड बनाया। अपनी पारी की शुरुआत में उन्होंने पहले 12 गेंदों पर 13 रन बनाए, लेकिन इसके बाद अगले 16 गेंदों में 331.25 की असाधारण स्ट्राइक रेट के साथ 53 रन जोड़कर विरोधी टीम के गेंदबाजों की पूरी रणनीति ध्वस्त कर दी।


