टोक्यो। भारत के जेवलिन थ्रोअर सचिन यादव ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन वे मेडल से सिर्फ 40 सेंटीमीटर दूर रह गए। सचिन ने करियर बेस्ट 86.27 मीटर थ्रो किया और चौथे स्थान पर रहे। ब्रॉन्ज अमेरिका के कर्टिस थॉम्पसन ने 86.67 मीटर थ्रो कर जीता। गोल्ड त्रिनिदाद एंड टोबैगो के केशॉर्न वाल्कॉट ने 88.16 मीटर के थ्रो से अपने नाम किया, जबकि ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने 87.38 मीटर थ्रो के साथ सिल्वर जीता। भारत के नीरज चोपड़ा इस बार अपना जादू नहीं दिखा पाए। उन्होंने पांच प्रयासों में 84.03 मीटर का बेस्ट थ्रो किया और आठवें नंबर पर रहते हुए बाहर हो गए। पाकिस्तान के अरशद नदीम भी 82.75 मीटर के साथ 10वें स्थान पर रहे। सचिन यादव ने शुरुआत में ही 86.27 मीटर का जोरदार थ्रो किया था। इसके बाद उनके प्रयास 85.71, 84.90, 85.96 और 80.95 मीटर रहे। लेकिन मेडल से थोड़ी दूरी पर रुक गए। इस नतीजे ने भारतीय प्रशंसकों को निराश किया, क्योंकि नीरज और नदीम दोनों से बड़ी उम्मीदें थीं। हालांकि सचिन यादव का प्रदर्शन भविष्य के लिए उम्मीद जगाने वाला रहा।


