दुबई। एशिया कप फाइनल में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने हैं। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.1 ओवर में 146 रन पर ऑलआउट हो गई। साहिबजादा फरहान ने सबसे ज्यादा 57 रन बनाए और फखर जमान ने 46 रन जोड़े। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। कुलदीप यादव ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट हासिल किए। पाकिस्तान एक समय 113/1 पर मजबूत स्थिति में था, लेकिन मिडिल ओवर्स में लगातार विकेट गंवाने से टीम दबाव में आ गई और 146 पर सिमट गई।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। पावरप्ले में ही भारत ने तीन विकेट गंवा दिए। अभिषेक शर्मा (5) फहीम अशरफ की गेंद पर कैच आउट हुए, इसके बाद सूर्यकुमार यादव (1) शाहीन शाह अफरीदी की गेंद पर सलमान अली आगा को कैच दे बैठे। शुभमन गिल भी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए और 12 रन बनाकर फहीम की गेंद पर आउट हो गए। 6 ओवर में भारत का स्कोर 36/3 रहा। चौथे ओवर तक टीम के टॉप-3 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। इस बीच मैदान पर फ्लडलाइट की तकनीकी खराबी के कारण खेल कुछ देर रुका भी।
हालांकि इसके बाद तिलक वर्मा और संजू सैमसन ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने धैर्य से खेलते हुए टीम को 10 ओवर तक 58 रन तक पहुंचाया। नौवें ओवर में सैमसन को जीवनदान मिला जब हुसैन तलत ने उनका कैच टपका दिया। पाकिस्तान के गेंदबाज अभी भी लगातार दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। भारत को जीत के लिए 147 रन चाहिए और टीम को अब मिडिल ऑर्डर पर उम्मीदें टिकानी होंगी। मैच का रोमांच अपने चरम पर है और दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर जारी है।


