दिशांत पाठक ने जीता खेलो चैस इंडिया यूथ टूर्नामेंट

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। खेलो चैस इंडिया श्रृंखला के तहत चैसबेस इंडिया द्वारा आयोजित यूथ कप में भोपाल के युवा शतरंज खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता सेज इंटरनेशनल स्कूल स्थित खेलो चैस इंडिया क्लब में हुई। अंडर-13 आयु वर्ग में दिशांत पाठक ने सभी पांच मुकाबले जीतकर पहला स्थान हासिल किया। 4.5 अंक पर मेदान्त जैन और कुशाग्र गुप्ता के बीच बराबरी हुई, लेकिन टाईब्रेक में मेदान्त ने 1.5-0.5 से जीत दर्ज करते हुए दूसरा स्थान पाया, जबकि कुशाग्र तीसरे स्थान पर रहे। 4 अंक लेकर सानिध्य कछाने, राघव सिंह, सार्थक झा और शौर्य लाहोटी शीर्ष स्थानों पर रहे। वहीं 3 अंक के साथ मेघना सिंह, दक्ष जैन और अमेय अग्रवाल शीर्ष 10 खिलाड़ियों में शामिल हुए।

अंडर-13 बालिका वर्ग में मेघना सिंह ने पहला स्थान हासिल किया। माधवी ठाकुर दूसरे और मोक्षा सोहनी तीसरे स्थान पर रहीं। इसी तरह अंडर-9 बालिका वर्ग में जयति आचार्या ने शानदार खेल दिखाते हुए पहला स्थान पाया। नित्या भटनागर दूसरे और आरोही दुबे तीसरे स्थान पर रहीं। बालक वर्ग में अंडर-9 में सानिध्य कछाने पहले, दैविक माथुर दूसरे और भव्य अग्रवाल तीसरे स्थान पर रहे। वहीं अंडर-7 बालक वर्ग में राघव सिंह ने बाजी मारी, नीव वैद्य दूसरे और देवरा पवन कृष्णा तीसरे स्थान पर रहे। दक्ष अग्रवाल चौथे स्थान पर रहे और उन्होंने भी सराहनीय प्रदर्शन किया।

पुरस्कार वितरण कार्यक्रम को खास बनाने के लिए कोलंबिया की महिला इंटरनेशनल मास्टर और सेज इंटरनेशनल स्कूल की संयोजक स्वाति दुबे मौजूद रहीं। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान किए और बच्चों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में दर्शक और अभिभावक भी मौजूद रहे जिन्होंने युवा खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। इस आयोजन ने साफ किया कि मध्य प्रदेश में शतरंज की नई पीढ़ी तेजी से आगे बढ़ रही है और भविष्य में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here