नई दिल्ली: सितंबर महीने में UAE की जमीन पर एशिया कप 2025 का आयोजन हुआ, जिसमें भारत और पाकिस्तान के बीच कुल तीन मुकाबले खेले गए। इन सभी मुकाबलों में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने पाकिस्तानी टीम को हराया, जिसमें फाइनल मैच भी शामिल था। इस जीत के साथ भारत ने पहली बार एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम किया। इसके बाद, भारतीय महिला टीम ने भी 5 अक्टूबर को कोलंबो में खेले गए वर्ल्ड कप 2025 के अपने दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान को 88 रनों से पराजित किया। इस प्रकार, लगातार दो महीनों में भारत और पाकिस्तान के बीच कुल चार मुकाबले खेले जा चुके हैं। अब नवंबर में एक बार फिर से भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा।
दरअसल, हांगकांग सिक्सेस 2025 का नवंबर में आयोजन होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान की टीम भी शामिल हैं। दिलचस्प बात ये है कि दोनों टीमों के एक ही ग्रुप में रखा गया है ताकि एशिया कप की तरह एक नहीं बल्कि एक से ज्यादा मुकाबले भारत और पाकिस्तान के बीच देखने को मिल सके। भारत और पाकिस्तान को ग्रुप सी में रखा गया। इस ग्रुप में इन दोनों टीमों के अलावा कुवैत को भी जगह दी गई है।
तीन दिनों में होंगे 29 मुकाबले
अब बात करते हैं हांगकांग सिक्सेस 2025 के शेड्यूल की। यह टूर्नामेंट 7 नवंबर से शुरू होकर 9 नवंबर तक चलेगा। इस टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार ग्रुपों में बांटा गया है। हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमें क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करेंगी। क्वार्टर फाइनल के विजेता सेमीफाइनल में खेलेंगे, जबकि हारने वाली टीमें प्लेट सेमीफाइनल में हिस्सा लेंगी। वहीं, हर ग्रुप में सबसे नीचे रहने वाली टीम बाउल प्रतियोगिता में उतरेगी। तीन दिनों में कुल 29 मुकाबले हांगकांग के टिन क्वांग रोड रिक्रिएशन ग्राउंड पर खेले जाएंगे।
टूर्नामेंट के ग्रुप इस प्रकार हैं:-
ग्रुप A: साउथ अफ्रीका, अफगानिस्तान, नेपाल
ग्रुप B: ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, यूएई
ग्रुप C: भारत, पाकिस्तान, कुवैत
ग्रुप D: श्रीलंका, बांग्लादेश, हांगकांग (चीन)
टूर्नामेंट का फॉर्मेट इस प्रकार होगा
हर मैच 6 ओवर का होगा और हर टीम में 6 खिलाड़ी होंगे। प्रत्येक गेंदबाज 1 ओवर डालेगा, सिवाय विकेटकीपर के। एक गेंदबाज को 2 ओवर डालने की अनुमति होगी। इससे साफ है कि एक बार फिर मैदान पर रोमांच खेल होने की उम्मीद है।

