नई दिल्ली: भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मुकाबले से पहले ऑस्ट्रेलिया को दोहरा झटका लगा है। विकेटकीपर जोश इंगलिस पिंडली में खिंचाव के चलते मैच से बाहर हो गए हैं, जबकि स्पिनर एडम जम्पा पारिवारिक कारणों से चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। इंगलिस को पर्थ में ट्रेनिंग के दौरान यह चोट लगी थी, जिसके बाद उन्हें पहले वनडे से बाहर कर दिया गया। उनकी जगह जोश फिलिप को टीम में शामिल किया गया है, जो 2021 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए मुकाबले के बाद अपना पहला वनडे खेलेंगे। वहीं, एडम जम्पा की गैरमौजूदगी में स्पिन विभाग की जिम्मेदारी मैथ्यू कुहनेमन को सौंपी गई है, जिन्हें टीम में शामिल किया गया है।
एलेक्स कैरी एशेज सीरीज की तैयारियों के सिलसिले में साउथ ऑस्ट्रेलिया के लिए शेफील्ड शील्ड मैच में क्वींसलैंड के खिलाफ खेलने के कारण भारत के खिलाफ पहले मैच से बाहर रहेंगे। दूसरे मैच से पहले उनके वनडे टीम से जुड़ने की उम्मीद है। जम्पा पिता बनने वाले हैं। उनकी पत्नी हैरियट दूसरे बच्चे को जन्म देने के करीब हैं।
2022 के बाद पहली बार वनडे में दिख सकते हैं कुहनेमन
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को उम्मीद है कि इंगलिस 25 अक्टूबर को सिडनी में होने वाले तीसरे वनडे से पहले ठीक हो जाएंगे। जम्पा के एडिलेड वनडे के लिए उपलब्ध रहने की उम्मीद है। कुहनेमन 2022 के बाद से अपना पहला वनडे खेल सकते हैं, जबकि मैट शॉर्ट और कूपर कोनोली मेजबान टीम के लिए उपलब्ध अन्य स्पिन विकल्प हैं।
तीनों फॉर्मेट में खेलने वालों की फिटनेस और फॉर्म बनी बड़ी चिंता
ऑस्ट्रेलिया के चयनकर्ताओं को एशेज से पहले तीनों प्रारूपों में खेलने वाले खिलाड़ियों को संतुलित ढंग से मैनेज करने की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। खासकर ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को लेकर स्थिति जटिल बनी हुई है। ग्रीन पर्थ और एडिलेड में पहले दो वनडे मुकाबले तो खेलेंगे, लेकिन 28 अक्टूबर से पर्थ में शुरू होने वाले शील्ड मैच के लिए उन्हें तीसरे वनडे (25 अक्टूबर, सिडनी) से बाहर रहना पड़ सकता है। इसके अलावा, वनडे सीरीज में उनके गेंदबाज़ी करने की संभावना भी कम है। उन्होंने हाल ही में न्यू साउथ वेल्स के खिलाफ खेले गए शील्ड मैच में सिर्फ चार ओवर ही गेंदबाज़ी की थी। अब उम्मीद है कि वह साउथ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अगले शील्ड मैच में गेंदबाज़ी करते नजर आ सकते हैं।
भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम
मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, बेन ड्वार्शिस, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंगलिस (विकेटकीपर), मैथ्यू कुहनेमन, मिचेल ओवेन, जोश फिलिप (विकेटकीपर), मैट रेनशॉ, मैथ्यू शॉर्ट, मिचेल स्टार्क, एडम जम्पा।


